Jharkhand News: कोरोना के हालात व ओमिक्रोन से बचाव को लेकर सीएम हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को दिया ये निर्देश

Jharkhand News: सीएम हेमंत सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि कोविड वैक्सीनेशन के कार्य में तेजी लाएं. कोरोना संक्रमण से बचने का कारगर उपाय सिर्फ और सिर्फ टीकाकरण ही है.
Jharkhand News: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कोरोना संक्रमण की स्थिति व नये वैरिएंट ओमिक्रोन से बचाव को लेकर की जा रही तैयारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की. इस दौरान उन्होंने कहा कि कोरोना के नये वैरिएंट ओमिक्रोन के संभावित खतरे को मद्देनजर रखते हुए हर स्तर पर अलर्ट रहें. कोरोना संक्रमण का नया वैरिएंट झारखंड में पैर नहीं पसार सके, इसके लिए पूरी तैयारी रखें. कोरोना प्रोटोकॉल का हर हाल में पालन हो इसे सुनिश्चित करें. कोविड वैक्सीनेशन कार्य में तेजी लाएं. कोरोना संक्रमण से बचने का कारगर उपाय सिर्फ और सिर्फ टीकाकरण ही है. जिन लोगों ने पहली डोज नहीं ली है. उन्हें पहली डोज लगाएं तथा जिन लोगों को दूसरी डोज नहीं लगी है. वे ससमय कोरोना की दूसरी डोज लगा लें.
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों का शत प्रतिशत टीकाकरण कार्य सुनिश्चित हो, यह राज्य सरकार का लक्ष्य है. 20 जनवरी 2022 तक शत प्रतिशत टीकाकरण कार्य के लक्ष्य को पूरा करें. अधिकारी कोविड टीकाकरण कार्य में हर हाल में तेजी लाने का प्रयास करें. जिन राज्यों में शत प्रतिशत टीकाकरण कार्य हो चुके हैं, उन राज्यों के टीकाकरण मॉडल की जानकारी प्राप्त कर एक बेहतर कार्य योजना बनाएं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के हर पंचायत मुख्यालय में स्थायी वैक्सीनेशन सेंटर स्थापित करें. सभी सेंटरों में वैक्सीनेशन टीम की प्रतिनियुक्ति करें. आवश्यकता अनुसार वैक्सीनेशन टीम पंचायत स्थित विभिन्न गांवों में घर-घर जा कर छूटे हुए लोगों को पहली एवं दूसरी डोज लगाने का काम प्राथमिकता के तौर पर करे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 के नए वैरिएंट ओमिक्रोन को हमें हल्के में नहीं लेना है. इस वैरिएंट से बचने के लिए लोगों को जागरूक कर इससे सतर्क रहने के लिए प्रेरित करें. विदेशों से आने वाले लोगों की कोरोना जांच हर हाल में हो यह सुनिश्चित करें. एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन एवं बस अड्डों पर विदेश तथा दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों की जांच की व्यवस्था दुरुस्त रखें. जांच में पॉजिटिव पाए जाने पर ओमिक्रोन वेरिएंट है या नहीं इसकी जांच के लिए सैंपल को यथाशीघ्र ओडिशा भेजें. पॉजिटिव मरीजों की 8 दिनों बाद दोबारा कोविड जांच अवश्य करें. ओमिक्रोन वैरिएंट के मरीजों के बेहतर इलाज के लिए कोविड अस्पतालों में अलग वार्ड की व्यवस्था करें. राज्य के सभी जिलों में पर्याप्त मात्रा में दवा, आईसीयू बेड, ऑक्सीजन बेड आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें. जिस जिले अथवा क्षेत्रों में पॉजिटिव मरीजों की संख्या ज्यादा है, वहां कोरोना जांच अधिक से अधिक हो यह सुनिश्चित करें.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में सरकारी और निजी संस्थान मिलाकर 99 मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने का का लक्ष्य रखा गया था. 99 के विरुद्ध अबतक 80 मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित हो चुके हैं. आगामी 25 जनवरी तक 13 और मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट बनकर तैयार हो जाएंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है. हम सभी का लक्ष्य होना चाहिए कि स्थिति के अनुसार हम विपत्तियों का सामना मजबूती के साथ कर सकें इस निमित्त पूरी तैयारी रखें. मुख्यमंत्री के समक्ष स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रेजेंटेशन के माध्यम से राज्य में कोरोना की अद्यतन स्थिति एवं तैयारियों की जानकारी रखी गई.
झारखंड में अभी 129 पॉजिटिव मरीज हैं. झारखंड में अबतक 70.45 प्रतिशत लोगों को कोविड वैक्सीनेशन की पहली डोज एवं 35.58 प्रतिशत लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है. राज्य के कोविड अस्पतालों में मरीजों के बेहतर इलाज के लिए 14863 ऑक्सीजन बेड, 3204 आईसीयू बेड, 1456 वेंटिलेटर तथा 8738 नार्मल बेड तैयार रखे गये हैं. छोटे बच्चों के गुणवत्तापूर्ण इलाज के लिए 1147 आईसीयू बेड, 1799 ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड, 234 वेंटिलेटर एवं 375 मीडियम आईसीयू (एचडीयू) बेड तैयार किए गये हैं. बैठक में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विकास आयुक्त सह स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, आपदा सचिव अमिताभ कौशल, एनआरएचएम के मैनेजिंग डायरेक्टर रमेश घोलप, जेएसएलपीएस की सीईओ नैंसी सहाय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
Posted By : Guru Swarup Mishra
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




