भाजपा का सदस्यता संगठन महापर्व 22 दिसंबर से, पुराने रिकॉर्ड से आगे बढ़ेंगे : डी पुरंदेश्वरी
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 08 Dec 2024 7:10 PM
विधानसभा चुनाव के कारण झारखंड में स्थगित पार्टी का सदस्यता संगठन महापर्व अब 22 दिसंबर से विधिवत प्रारंभ होगा. इससे पहले 15 व 16 दिसंबर को सभी जिलों में कार्यशालाएं होंगी. इसमें प्रदेश कमेटी से नेता शामिल होंगे.
रांची (प्रमुख संवाददाता). विधानसभा चुनाव के कारण झारखंड में स्थगित पार्टी का सदस्यता संगठन महापर्व अब 22 दिसंबर से विधिवत प्रारंभ होगा. इससे पहले 15 व 16 दिसंबर को सभी जिलों में कार्यशालाएं होंगी. इसमें प्रदेश कमेटी से नेता शामिल होंगे. 18 व 19 दिसंबर को सभी 515 मंडलों में कार्यशाला होगी. 25 दिसंबर को झारखंड के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर प्रदेश भर में सदस्यता के लिए विशेष कार्यक्रम होंगे. यह निर्णय रविवार को नगड़ी के एक बैंक्वटेट हॉल में प्रदेश भाजपा की ओर से आयोजित कार्यशाला में लिया गया.
झारखंड की सदस्यता प्रभारी एवं आंध्रप्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष सांसद डी पुरंदेश्वरी ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का सदस्यता कार्यक्रम अभियान नहीं, बल्कि संगठन महापर्व है. भाजपा यह संगठन महापर्व अन्य पर्व की तरह अपने विशाल परिवार के साथ मनाती है. कहा कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है. पार्टी ने वर्ष 2014 में ऑनलाइन के माध्यम से सदस्यता कार्यक्रम को प्रारंभ किया था, जिसमें पूरे देश में नौ करोड़ सदस्य बने थे. आज चार राज्यों जम्मू कश्मीर, महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड को छोड़ कर अब तक देश भर में 11 करोड़ के लक्ष्य को पार करते हुए 11.35 करोड़ सदस्य बना लिये हैं. विधानसभा चुनाव के कारण इन राज्यों में सदस्यता अभियान को स्थगित किया गया था. उन्होंने कहा कि चार राज्यों में अभियान पूरा होने के बाद यह संख्या 14 करोड़ तक जा सकती है. हम झारखंड में भी पुराने रिकॉर्ड से आगे बढ़ेंगे. कहा कि सदस्यता पर्व के माध्यम से हमें प्रत्येक बूथ के प्रत्येक घर तक पहुंचना है. कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारी, सांसद,विधायक, प्रमंडल प्रभारी, सदस्यता महापर्व की प्रदेश टोली, सभी सात मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला सदस्यता प्रभारी, सदस्यता महापर्व की जिला टोली शामिल हुए. कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह व धन्यवाद ज्ञान सदस्यता महापर्व के प्रदेश संयोजक राकेश प्रसाद ने किया.विधानसभा चुनाव में 59 लाख का मिला समर्थन : बाबूलाल
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि लोकतंत्र के पर्व के बाद अब पार्टी संगठन महापर्व में जुट गयी है. संगठन महापर्व का लक्ष्य सर्व स्पर्शी, सर्व व्यापी और सर्व समावेशी भाजपा का निर्माण है. कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जनता ने पार्टी को पूरा आशीर्वाद दिया है. भले हम विधानसभा चुनाव में संख्या बल में पीछे रह गये, लेकिन 59 लाख लोगों का समर्थन भाजपा को मिला है. चुनाव एक पड़ाव है, लेकिन हम जनता के बीच बार-बार जायेंगे. अपने नीतियों कार्यक्रमों के माध्यम से जायेंगे. कहा कि झारखंड से लोकतंत्र विरोधी, राष्ट्र विरोधी, विकास विरोधी ताकतों से लड़ने के लिए भाजपा के संघर्षशील और मजबूत संगठन को निरंतर गति देनी है.चुनौतियों को अवसर में बदलने का हुनर जानते है : वाजपेयी
प्रदेश प्रभारी डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता चुनौतियों को अवसर में बदलने का हुनर जानते हैं. यह सदस्यता महापर्व का कार्यक्रम मजबूत और संघर्षशील भाजपा बनाने का अवसर है. कार्यकारी अध्यक्ष डॉ रवींद्र राय ने कहा कि सदस्यता संगठन महापर्व के माध्यम से हमें प्रदेश भर में भाजपा की नयी राजनीतिक सुगंध को पहुंचाना है. क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा की विचार यात्रा भारतीय विचारों से परिपूर्ण है, जबकि समाजवाद, पूंजीवाद, साम्यवाद जैसे विचार विदेशी प्रभाव से प्रभावित हैं. प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने पीपीटी के माध्यम से सदस्यता महापर्व के कार्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डाला.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










