ePaper

लोकसभा चुनाव 2019 : विभिन्न दलों के दिग्गज नेताओं की दांव पर लगेगी प्रतिष्ठा

Updated at : 11 Mar 2019 9:07 AM (IST)
विज्ञापन
लोकसभा चुनाव 2019 : विभिन्न दलों के दिग्गज नेताओं की दांव पर लगेगी प्रतिष्ठा

सतीश कुमार पार्टी अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री समेत एक दर्जन से अधिक नेताओं पर रहेगी नजर रांची : भारत निर्वाचन आयोग की ओर की लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गयी है. लोकसभा चुनाव को लेकर झारखंड के प्रमुख राजनीतिक दलों के दिग्गज नेता चुनाव मैदान में उतरेंगे. पार्टी के […]

विज्ञापन
सतीश कुमार
पार्टी अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री समेत एक दर्जन से अधिक नेताओं पर रहेगी नजर
रांची : भारत निर्वाचन आयोग की ओर की लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गयी है. लोकसभा चुनाव को लेकर झारखंड के प्रमुख राजनीतिक दलों के दिग्गज नेता चुनाव मैदान में उतरेंगे.
पार्टी के अंदरखाने में इसको लेकर गतिविधि तेज हो गयी है. झारखंड में विभिन्न दलों के पार्टी अध्यक्ष, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री, लोकसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर, पूर्व मुख्यमंत्री के साथ-साथ कई सांसद व विधायक की प्रतिष्ठा दांव पर लगेगी. हालांकि किसी दल ने अभी तक उम्मीदवार घोषित नहीं किया है.
एनडीए में भाजपा व आजसू मिल कर लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे. इसको लेकर सहमति भी बन गयी है. आजसू को गिरिडीह सीट दी गयी है. वहीं दूसरी तरफ महागठबंधन में अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पायी है.
सीट शेयरिंग को लेकर कवायद जारी है. गोड्डा सीट को लेकर कांग्रेस व झाविमो की ओर से दावा किया जा रहा है. वहीं जमशेदपुर सीट पर कांग्रेस के साथ-साथ झामुमो भी दावेदारी कर रहा है. इधर, राजद चतरा के साथ-साथ पलामू सीट को लेकर भी दबाव बना रहा है. झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन एक बार फिर से दुमका से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं. श्री सोरेन केंद्रीय कोयला मंत्री भी रह चुके हैं. वहीं भाजपा के वर्तमान सांसद सह प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा सिंहभूम से चुनाव लड़ सकते हैं.
इधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अजय कुमार एक बार फिर से जमशेदपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं. आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो के भी गिरिडीह सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा चल रही है. पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी भी कोडरमा सीट से दावेदार हैं. वहीं दूसरी तरफ चर्चा है कि पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को इस चुनाव में भाजपा उम्मीदवार बना सकती है. पूर्व डिप्टी स्पीकर रह चुके कड़िया मुंडा ने खुल कर कहा है कि अगर उन्हें पार्टी टिकट देगी, तो वे खूंटी से एक बार फिर चुनाव लड़ेंगे. श्री मुंडा केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं.
केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा हजारीबाग व सुदर्शन भगत लोहरदगा सीट पर भाजपा के दावेदार हैं. भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय कोडरमा सीट पर भाजपा के दावेदार हैं. वर्तमान में वह कोडरमा के सांसद भी हैं. कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत भी इस बार लोहरदगा सीट पर कांग्रेस के दावेदार हैं. ये झारखंड के कद्दावर नेता हैं. इनके चुनाव परिणाम कई राजनीतिक संदेश देंगे.
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप बलमुचू भी खूंटी सीट पर कांग्रेस से दावेदारी कर रहे हैं. पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय रांची सीट पर व रामेश्वर उरांव लोहरदगा सीट पर कांग्रेस के दावेदार हैं. श्री सहाय रांची लोकसभा से तीन बार चुनाव जीत कर सांसद बन चुके हैं. इनके अलावा झाविमो विधायक दल के नेता प्रदीप यादव गोड्डा सीट पर पार्टी की ओर से दावेदारी कर रहे हैं. श्री यादव उप चुनाव जीत कर गोड्डा के सांसद भी रह चुके हैं. पूर्व आइपीएस अरुण उरांव कांग्रेस से लोहरदगा सीट को लेकर दावा कर रहे हैं. श्री उरांव छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के प्रभारी रह चुके हैं. कांग्रेस की जीत में इनकी भूमिका को अहम माना जा रहा है.
लोकसभा चुनाव में इन दिग्गज नेताओं पर रहेगी नजर
पार्टी अध्यक्ष
शिबू सोरेन (झामुमो) लक्ष्मण गिलुवा (भाजपा), डॉ अजय कुमार (कांग्रेस), सुदेश महतो (आजसू)
पूर्व मुख्यमंत्री
अर्जुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी
पूर्व डिप्टी स्पीकर
कड़िया मुंडा (भाजपा)
पूर्व पार्टी अध्यक्ष
सुखदेव भगत (कांग्रेस), रवींद्र राय (भाजपा), प्रदीप बलमुचू (कांग्रेस)
केंद्रीय मंत्री
जयंत सिन्हा (भाजपा), सुदर्शन भगत (भाजपा)
पूर्व केंद्रीय मंत्री
सुबोधकांत सहाय (कांग्रेस), रामेश्वर उरांव (कांग्रेस)
पूर्व आइपीएस
अरुण उरांव (कांग्रेस)
विधायक दल के नेता
प्रदीप यादव (झाविमो)
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola