रांची : तमाड़ थाना क्षेत्र के बैतिया गांव में पीएलएफआइ ने तीन वाहनों को जलाया
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 09 Nov 2018 6:00 AM
रांची/तमाड़ : तमाड़ थाना क्षेत्र के बैतिया गांव में मंगलवार की देर रात करीब दो बजे पीएलएफआइ के उग्रवादियों ने उत्पात मचाते हुए सड़क निर्माण कार्य में लगे एक जेसीबी, एक रोलर तथा एक ग्रेडर वाहन को जला दिया. आग लगाने के बाद उग्रवादियों ने हवाई फायरिंग करते हुए बाहनीहुआंग जंगल की ओर चले गये. […]
रांची/तमाड़ : तमाड़ थाना क्षेत्र के बैतिया गांव में मंगलवार की देर रात करीब दो बजे पीएलएफआइ के उग्रवादियों ने उत्पात मचाते हुए सड़क निर्माण कार्य में लगे एक जेसीबी, एक रोलर तथा एक ग्रेडर वाहन को जला दिया. आग लगाने के बाद उग्रवादियों ने हवाई फायरिंग करते हुए बाहनीहुआंग जंगल की ओर चले गये. उग्रवादियों की संख्या करीब 15-20 बतायी जा रही है.
जानकारी के अनुसार एनएच 33 पर उलीडीह से बैतिया भाया दिदली तक सड़क निर्माण का कार्य जमशेदपुर की ओम शंकर कंट्रक्शन कंपनी कर रही है. दीपावली के कारण निर्माण कार्य बंद कर सभी वाहनों को बैतिया गांव के नव प्राथमिक विद्यालय के समीप एक जगह रखा गया था, जिसे उग्रवादियों ने आग लगा दी. बताया जाता है कि उग्रवादी कंपनी के मुंशी को भी खोज रहे थे, परंतु वह नहीं मिला.
इधर, आग लगाने की सूचना कंपनी के मुंशी राम उदगार यादव ने ठेकेदार राजीव झा को रात में ही दे दी. इसके बाद ठेकेदार ने इसकी सूचना प्रशासन को दी. प्रशासन ने रात में ही दमकल बुलाकर आग पर काबू पा लिया. सूत्रों के मुताबिक राजीव झा द्वारा लेवी की रकम नहीं देने से उग्रवादियों ने घटना को अंजाम दिया है. बताया जाता है कि राजीव झा द्वारा तमाड़ के आदर्श पंचायत पारसी में करीब 10 करोड़ की लागत से विभिन्न सड़कों का निर्माण कार्य करा चुके हैं.
जबकि जागदा से पंचा तक सड़क निर्माण के दौरान लेवी वसूलने गये तीन चार को उग्रवादियों को पकड़वाया था. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग, डीएसपी अशोक कुमार, बुंडू इंस्पेक्टर संगचमान तमांग, तमाड़ थाना प्रभारी बिमल कुमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली. पुलिस ने घटनास्थल से पर्चा भी बरामद किया है. पुलिस को संदेह है कि घटना में पीएलएफआइ का उग्रवादी प्रभु सहाय का हाथ हो सकता है.
रांची के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में सक्रिय हो रहे हैं पीएलएफआइ के उग्रवादी
31 अक्तूबर 2018: तमाड़ थाना क्षेत्र के जारगो में पीएलएफआइ के कुछ सदस्य किसी घटना को अंजाम देने के लिए बैठक करने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने घेराबंदी कर उग्रवादी सैनाथ मुंडा को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कुछ भागने में सफल हो गये़
15 अक्तूबर 2018: तुपुदाना ओपी क्षेत्र के दशमाइल के समीप पीएलएफआइ के नाम पर एक व्यवसायी से दो लोग लेवी लेने पहुंचे थे. सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की तो उग्रवादियों ने भी पुलिस पर फायरिंग की. हालांकि भागने के दौरान दो लोग गिरफ्तार कर लिये गये.
15 अक्तूबर 2018: राजधानी के शहरी थाना क्षेत्र में रहने वाले कुछ व्यवसायियों से पीएलएफआइ के नाम पर लेवी की मांग की गयी थी, इसे लेकर दो-तीन थानाें में मामले दर्ज किये गये.
04 अक्तूबर 2018: कांके थाना क्षेत्र के मनातू गांव स्थित हिंदुकुश कंस्ट्रक्शन कंपनी की साइट पर पीएलएफआइ उग्रवादियों के नाम पर हमला किया गया था. वाहनाें में आगजनी के साथ कर्मियों के साथ मारपीट के बाद फायरिंग की गयी. इससे पहले पीएलएफआइ के नाम पर पर्चा भेज कर लेवी की मांग की गयी थी.
22 जून 2018: नामकुम थाना क्षेत्र के ब्यांगडीह में पीएलएफआइ के नाम पर लाह व्यवसायी से तीन लाख रुपये की लेवी मांगी गयी. हालांकि कुछ दिनों बाद मामले में पुलिस ने एक अपराधी को गिरफ्तार किया था. लेकिन उसके उग्रवादी होने की पुष्टि नहीं हुई थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










