रांची : 13 साल में नहीं बना क्रिकेट स्टेडियम, इंजीनियर पर होगी कार्रवाई

Updated at : 15 Aug 2018 6:30 AM (IST)
विज्ञापन
रांची : 13 साल में नहीं बना क्रिकेट स्टेडियम, इंजीनियर पर होगी कार्रवाई

साप्ताहिक समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री सचिवालय के अपर सचिव ने दिया निर्देश रांची : पलामू स्थित जीएलए कॉलेज परिसर में अधूरे पड़े क्रिकेट स्टेडियम के मामले में अपर सचिव रमाकांत सिंह ने आरोपी इंजीनियरों के खिलाफ आरोप पत्र मंगा कर तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया है. पलामू के विभागीय नोडल अधिकारी ने कहा कि स्टेडियम […]

विज्ञापन
साप्ताहिक समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री सचिवालय के अपर सचिव ने दिया निर्देश
रांची : पलामू स्थित जीएलए कॉलेज परिसर में अधूरे पड़े क्रिकेट स्टेडियम के मामले में अपर सचिव रमाकांत सिंह ने आरोपी इंजीनियरों के खिलाफ आरोप पत्र मंगा कर तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया है. पलामू के विभागीय नोडल अधिकारी ने कहा कि स्टेडियम का निर्माण कार्य अधूरा है. तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद अधूरे पड़े स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जायेगा.
2005 में क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू किया गया था. योजना की प्राक्कलित राशि 87.65 लाख रुपये है. मुख्यमंत्री ने सीधी बात कार्यक्रम में पलामू के उपायुक्त को आदेश दिया था कि विशेष प्रमंडल के इंजीनियर के खिलाफ एक हफ्ते में रिपोर्ट पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा मामले विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग को भेजें, ताकि जल्द कार्रवाई की जा सके.
इसके बाद फिर विभागीय नोडल अधिकारी द्वारा प्रतिवेदित किया गया कि स्टेडियम को पूर्ण करने के लिए प्राक्कलन 40,71,400 रुपये पलामू के उपायुक्त को भेजा गया है. श्री सिंह ने मंगलवार को सूचना भवन में मुख्यमंत्री जनसंवाद में दर्ज शिकायतों की समीक्षा के बाद उपरोक्त आदेश दिया. साप्ताहिक समीक्षा के दौरान 15 मामलों की समीक्षा की गयी.
अतिक्रमण से संबंधित मामले में रिपोर्ट मांगी
कोडरमा के ग्राम खरपोका में गैरमजरुआ जमीन पर उत्क्रमित विद्यालय भवन की चहारदीवारी तोड़ कर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण कर मकान का निर्माण किये जाने के मामले में अपर सचिव ने नोडल अधिकारी को जानकारी के साथ रिपोर्ट अपलोड करने को कहा, ताकि अगले हफ्ते फिर इस मामले की समीक्षा हो सके. अपर समाहर्ता ने तिलक महतो के नाम से कायम जमाबंदी को रद्द कर अतिक्रमण हटाने की अनुशंसा की है. हालांकि शिकायतकर्ता का कहना है कि जमीन पर अतिक्रमण अब भी बरकरार है.
विधवा को मुआवजा दिलाने को लेकर अविलंब कार्रवाई करने का िनर्देश
लातेहार के होटवाग गांव की विधवा सीता देवी के घर जल जाने के छह माह बाद भी अब तक मुआवजा राशि नहीं मिलने के बाबत अपर सचिव ने नोडल अधिकारी से पूछा कि अग्निकांड में तत्काल राहत पहुंचाने के लिए जो प्रावधान है, उसका पालन क्यों नहीं किया गया. दो माह बीतने के बावजूद पीड़िता को अभी तक मुआवजे का भुगतान नहीं किया गया है. उन्होंने अविलंब कार्रवाई करने का आदेश दिया.
सब इंस्पेक्टर को छह माह बाद भी नहीं मिली किडनी ट्रांसप्लांट की राशि
बोकारो में सब इंस्पेक्टर के किडनी ट्रांसप्लांट के लिए मिलने वाली राशि छह माह बाद भी नहीं मिलने पर अपर सचिव को नोडल अधिकारी ने बताया कि लेखापाल के कार्यालय में यह मामला लंबित है. बोकारो के डीएसपी ने कहा कि गलती से पत्र अपलोड हो गया है. इस पर एआइजी टू डीजीपी शम्स तबरेज ने कहा कि ऐसे मामले में संवेदनशीलता बरतनी चाहिए. निजी स्तर पर संपर्क कर सहायता राशि देने की पहल करनी चाहिए.
गैरमजरूआ जमीन से नहीं हटा अतिक्रमण
रामगढ़ के मांडू के बड़कीचुंबा गांव के गैरमजरुआ जमीन पर अवैध कब्जे को अभी तक अतिक्रमणमुक्त नहीं किये जाने पर अपर सचिव ने नाराजगी जताते हुए कहा कि फरवरी माह की शिकायत पर अगस्त माह तक क्यों नहीं कार्रवाई की गयी? इस मामले में उन्होंने जल्द सीओ से स्पष्टीकरण पूछ कर जवाब अपलोड करने का निर्देश नोडल अधिकारी को दिया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola