झारखंड में ट्राइबल म्यूजियम व सैनिक स्कूल खोलें : द्रौपदी मुरमू

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 06 Jun 2018 6:54 AM

विज्ञापन

द्रौपदी मुरमू ने नयी दिल्ली में राज्यपालों के सम्मेलन में केंद्र सरकार से किया आग्रह रांची : राज्यपाल द्रौपदी मुरमू ने केंद्र से आग्रह किया है कि झारखंड में एक ट्राइबल म्यूजियम की स्थापना की जाये. उन्होंने केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री महेश शर्मा से कहा है कि झारखंड में 32 प्रकार की जनजाति एवं छह […]

विज्ञापन
द्रौपदी मुरमू ने नयी दिल्ली में राज्यपालों के सम्मेलन में केंद्र सरकार से किया आग्रह
रांची : राज्यपाल द्रौपदी मुरमू ने केंद्र से आग्रह किया है कि झारखंड में एक ट्राइबल म्यूजियम की स्थापना की जाये. उन्होंने केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री महेश शर्मा से कहा है कि झारखंड में 32 प्रकार की जनजाति एवं छह प्रकार के आदिम जनजाति रहते हैं. भारत की स्वतंत्रता में उनका महत्वपूर्ण योगदान है.
कई महान हस्तियों की वीरता एवं बलिदान की गाथा अभी तक समाज के समक्ष नहीं आ पायी है. ऐसे में वीर सेनानियों की गाथा व संस्कृति को इस ट्राइबल म्यूजियम में दर्शाया जा सकेगा. राज्यपाल ने केंद्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण से राज्य के गोड्डा जिले में दूसरे सैनिक स्कूल की स्थापना का आग्रह किया. श्रीमती मुरमू नयी दिल्ली में विभिन्न राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के राज्यपालों के दो दिवसीय सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं.
सम्मेलन में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित कई केंद्रीय मंत्री भी उपस्थित थे.अहम चुनौती है लोगों के लिए खाद्य सुरक्षा : राज्यपाल ने कहा कि झारखंड के लोगों के लिए खाद्य सुरक्षा की अहम चुनौती हमारे समक्ष है.
राज्य खनिज तथा औद्योगिक इकाइयों से परिपूर्ण होने के बावजूद भी यहां की जनता खेती पर निर्भर है. इसलिए कृषि संसाधनों एवं कृषि के तौर-तरीकों को अत्याधुनिक रूप से इस्तेमाल में लाकर ही राज्य की जनता को खाद्य सुरक्षा प्रदान की जा सकती है.
उन्होंने कहा कि राज्य के कुलाधिपति के रूप में सभी विवि तथा उनके अधीनस्थ कॉलेजों को नैक से एक्रिडिएशन के लिए निर्देश दिये गये हैं. सभी विवि को सत्र नियमित करने के लिए डिजिटलाइजेशन पर जोर दिया जा रहा है. विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने पर ही द्वितीय पाली में पढ़ाई शुरू की गयी है. राज्यपाल ने कहा कि शहरी निकायों को अोडीएफ घोषित किया गया है.
राष्ट्रीय स्तर का हॉकी ट्रेनिंग अकादमी खोली जाये : राज्यपाल ने कहा कि विद्या के मंदिर में नैतिक मूल्यों की शिक्षा दी जाये. साथ ही बच्चों में मानवीय मूल्यों का संस्कार विकसित किया जाये.
राज्यपाल ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावेड़कर का ध्यान आकृष्ट कराते हुए आग्रह किया कि कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण के लिए लगभग 70 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाये. कुछ अनियमितता की शिकायत मिलने पर प्रकाशक को राशि सुलभ कराने पर रोक लगा दी गयी थी.
इसकी जांच विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय कमेटी ने की. कमेटी द्वारा कहा गया कि इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं बरती गयी है. उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों में असीम खेल प्रतिभा निहित है. क्रिकेट, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग के अतिरिक्त हॉकी में यहां के खिलाड़ियों ने विपरीत परिस्थितियों में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है.
इनमें स्व जयपाल सिंह, सिलवानुस डुंगडुंग, मनोहर टोपनो, माइकल किंडो, विमल लकड़ा, सुमराई टेटे, मसीरा सुरीन, कांति बा, असुंता लकड़ा एवं निक्की प्रधान आदि का नाम उल्लेखनीय है. श्रीमती मुर्मू ने खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर से कहा कि हॉकी के क्षेत्र में अधिक से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ी उभरे, इसके लिए राष्ट्रीय स्तर का हॉकी ट्रेनिंग अकादमी रांची या इसके आसपास खोले जायें.
राज्यों के बीच एकता बढ़ाएं राज्यपाल : पीएम
नयी दिल्ली : पीएम नरेंद्र मोदी ने राज्यपालों से देश के विभिन्न राज्यों के बीच सौहार्द और एकता को मजबूत बनाने को कहा है. राज्यपालों के सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए मोदी ने आग्रह किया कि वे कुलाधिपति के रूप में अकादमी के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करें. एक भारत, श्रेष्ठ भारत पहल का उल्लेख करते हुए एक राज्य का दूसरे राज्यों के साथ सौहार्द के नये रास्ते बनाने के विचार का उल्लेख किया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola