झारखंड : कांग्रेस के सुनील ने की थी शिकायत, डॉ अजय कुमार के खिलाफ लालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज

Updated at : 02 Apr 2018 8:28 AM (IST)
विज्ञापन
झारखंड : कांग्रेस के सुनील ने की थी शिकायत, डॉ अजय कुमार के खिलाफ लालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज

रांची : लालपुर थाना में रविवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव सुनील कुमार सिंह की शिकायत पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. मालूम हो कि सुनील सिंह ने शनिवार की रात मामले में […]

विज्ञापन
रांची : लालपुर थाना में रविवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव सुनील कुमार सिंह की शिकायत पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
मालूम हो कि सुनील सिंह ने शनिवार की रात मामले में लालपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी थी़ सुनील का आरोप है कि शनिवार को मोरहाबादी में गांधी प्रतिमा के सामने कांग्रेस का कार्यक्रम था, जिसमें डॉ अजय कुमार उपस्थित थे.
कार्यक्रम समाप्ति के बाद करीब 5.45 बजे डॉ अजय कुमार ने सुनील कुमार सिंह के कंधे पर हाथ रख कर कहा, किनारे आइये. सुनील, डॉ अजय के साथ 10 कदम आगे बढ़े. इसके बाद डॉ अजय ने सुनील सिंह को बर्बाद करने की धमकी दी. यह कहते हुए कि मैं किस पृष्ठभूमि से राजनीति में आया हूं, तुमको पता है या नहीं. मैंने 300 एनकाउंटर किया है. तुम क्या चीज हो. आलोक दुबे के साथ रहते हो, रहो.
तुम्हारी राजनीति बर्बाद कर दूंगा और तुम्हें भी. मैं जो कह रहा हूं इसे ठीक से समझ लो और यहीं बात खत्म करो. आज के बाद अगर तुमने किसी तरह की दुस्साहस की और किसी को कुछ बताया, तो मुझसे बुरा कोई नहीं होगा. घटना के बाद सुनील सिंह ने इसकी जानकारी अपनी पत्नी को दी. इसके बाद मेरा पूरा परिवार भयभीत है. सुनील सिंह को भय है कि उनकी जान को खतरा हो सकता है. उन्होंने कहा कि भविष्य में अगर उन्हें कुछ हुआ, तो इसकी जवाबदेही कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ अजय कुमार पर होगी.
पार्टी ने सुनील सिंह को शो-कॉज किया, एक सप्ताह में जवाब देने का निर्देश
रांची : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ अजय कुमार के खिलाफ लालपुर थाना में शिकायत करनेवाले पार्टी के पूर्व सचिव व मीडिया के शोध विभाग के सदस्य सुनील सिंह को पार्टी ने शो-काॅज किया है. प्रदेश अनुशासन समिति के अध्यक्ष तिलकधारी सिंह के निर्देश पर श्री सिंह को एक सप्ताह के अंदर पूरे मामले में जवाब देने को कहा गया है.
एक सप्ताह के अंदर श्री सिंह ने जवाब नहीं दिया, तो माना जायेगा कि इस विषय पर उन्हें कुछ नहीं कहना है. इधर, पार्टी प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि श्री सिंह ने गैर जिम्मेदाराना और पार्टी विरोधी कार्य किया है.
प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ लालपुर थाना में सनहा दर्ज कराने के मामले में पार्टी ने कहा है कि यह द्वेष और निहित स्वार्थ में उठाया गया कदम है. श्री सिंह की इस हरकत को पार्टी विरोधी ताकतों के साथ मिल कर एक सुनियोजित षडयंत्र का हिस्सा बताया गया है.
पार्टी ने पूछा है कि अगर मोरहाबादी में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष यह घटना हुई, तो फिर ऐसी कौन सी मजबूरी थी कि उस समय वहां मौजूद सैकड़ों कार्यकर्ता व वरिष्ठ नेताओं की इसकी जानकारी नहीं दी गयी. ऐसी कौन सी मजबूरी थी कि कथित घटना पर पार्टी के अंदर चर्चा नहीं कर सीधे थाना पहुंच गये. पार्टी ने ऐसे चार बिंदुओं पर श्री सिंह से एक सप्ताह के अंदर जवाब मांगा है़
क्या था मामला : कांग्रेस के पूर्व सचिव सुनील सिंह ने शनिवार की रात लालपुर थाना में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार के खिलाफ शिकायत की. शिकायत में श्री सिंह ने थाने को लिख कर दिया कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने शनिवार को मोरहाबादी मैदान में पार्टी द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के बाद धमकी देते हुए कहा कि मेरी पृष्ठभूमि जानो, हमने 300 एनकाउंटर किया है़ तुम्हारी भी राजनीति बर्बाद कर देंगे. थाने में जान से मार देने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है़
पार्टी का कोई पत्र मुझे नहीं मिला, अध्यक्ष पर हो कार्रवाई : सुनील
कांग्रेस के पूर्व सचिव सुनील सिंह ने कहा है कि पार्टी का कोई पत्र मुझे नहीं मिला है. मैं पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता हूं. प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने मुझे धमकी दी, उन पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई होनी चाहिए. मामले में उनसे भी पूछताछ की जानी चाहिए़ इसके बाद ही फैसला लेना चाहिए.
रांची : कांग्रेस के पूर्व सचिव सुनील सिंह द्वारा प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार पर धमकी दिये जाने के मामले में प्रदेश अध्यक्ष ने अपना पक्ष रखा है. प्रभात खबर के साथ बातचीत में कहा : मैंने कोई धमकी नहीं दी है. मैं किसी से अपने आइपीएस के कैरियर की बात भी नहीं करता.
अब राजनीति में हूं, उसी को जी रहा हूं. मैंने सुनील सिंह से बस इतना ही कहा कि राजनीति मत करो. छोटी-छोटी बातों को इधर-उधर करना बेकार है. संगठन के लिए काम करो. पार्टी ने शोध विभाग की जिम्मेवारी दी है. उसे पूरे मन से करो. डॉ अजय ने कहा कि सुनील सिंह कौन हैं, जिससे मैं अपनी पुरानी जिंदगी की घटनाओं का जिक्र करूंगा.
अपनी निजी चीजें बताऊंगा. कार्यक्रम स्थल पर सैकड़ों लोग थे, कोई बताये कि मैंने किसी तरह की धमकी दी है. हमसे कोई शिकायत थी, तो मिल कर बात करनी चाहिए. थाने में जाकर शिकायत करना हास्यपस्द है. प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस में टीम वर्क के तहत काम हो रहा है. सारे लोग मेहनत कर रहे हैं. कुछ लोगों को नयी व्यवस्था रास नहीं आ रही है. निजी शिकायत हो सकती है, लेकिन संगठन के काम से समझौता नहीं करूंगा़
किसी को यूं ही पद नहीं दिया जा सकता. पूरे मामले के बाद मुझे साजिश भी समझ में आ रही है. पूरे राज्य में कांग्रेस खुद को दुरुस्त करने में लगी है़ कार्यकर्ता और पार्टी में हर स्तर के नेता अपनी जवाबदेही निभा रहे हैं. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के अंदर अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जायेगी़
एसएसपी से मिल कर प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ की कार्रवाई की मांग
रांची : प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव सुनील सिंह ने रविवार को एसएसपी कुलदीप द्विवेदी से मिल कर प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार के खिलाफ लालपुर थाने मेें दर्ज कराये गये सनहा पर कार्रवाई की मांग की है.
श्री सिंह ने एसएसपी को पत्र लिख कर कहा है कि डॉ अजय कुमार द्वारा मुझे जान से मारने की धमकी दी गयी है. धमकी के बाद लालपुर थाना में शिकायत भी दर्ज करायी गयी है. सनहा दर्ज कराने जाने के बाद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. पत्र में कहा है कि घटना के बाद पूरा परिवार भयभीत है़
श्री सिंह ने एसएसपी से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा है कि मुझे व मेरे परिवार को जान-माल का खतरा है. इधर, श्री सिंह ने कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष तिलकधारी सिंह से प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की भी मांग की है़
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola