..जंगली हाथी के गांव में घुसने से हड़कंप, वन विभाग की उदासीनता पर ग्रामीणों में रोष
गोला वन क्षेत्र के कई गांवों में सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब जंगल से भटका एक जंगली हाथी अचानक आबादी वाले इलाके में घुस आया.
फोटो फाइल : 10 चितरपुर सी – गांव में विचरण करता हाथी मगनपुर. गोला वन क्षेत्र के कई गांवों में सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब जंगल से भटका एक जंगली हाथी अचानक आबादी वाले इलाके में घुस आया. हाथी को देखते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गयी और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. कुछ देर के लिए पूरे गांव में हड़कंप का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार हाथी सोसोकला क्षेत्र की ओर से होते हुए कुम्हरदगा गांव के पूर्व मुखिया के घर के समीप पहुंच गया. सुबह का समय होने के कारण कई लोग घरों से बाहर निकल रहे थे और कुछ लोग खेतों की ओर जा रहे थे. अचानक हाथी को सामने देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गयी. लोग एक-दूसरे को आवाज देकर सतर्क करने लगे और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे. कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जमा हो गये और शोर-शराबा कर किसी तरह हाथी को गांव से बाहर की ओर खदेड़ने का प्रयास किया. ग्रामीणों के प्रयास से हाथी गांव की सीमा पार कर प्रॉपर्टी क्षेत्र से होते हुए रमेश महतो के घर के पास से गुजरकर अंततः जंगल की ओर लौट गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार के जान-माल की क्षति नहीं हुई. घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी देखी गयी. ग्रामीणों का कहना है कि घटनास्थल से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर वन विभाग का कार्यालय स्थित है, इसके बावजूद न तो कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही हाथी को नियंत्रित करने के लिए कोई पहल की गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विकाश नाथ
26 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हूं. रिपोर्टिंग के साथ डेस्क का काम करने भी अनुभव प्राप्त है. खेल डेस्क में भी काम करने का अनुभव है. रुरल के संस्करणों को देखता हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









