टाटा स्टील वेस्ट बोकारो के समर कैंप का समापन, 48 प्रतिभाशाली बच्चों का चयन
Published by : SAROJ TIWARY Updated At : 29 May 2026 11:06 PM
टाटा स्टील वेस्ट बोकारो के समर कैंप का समापन, 48 प्रतिभाशाली बच्चों का चयन
घाटोटांड़. टाटा स्टील वेस्ट बोकारो डिवीजन के न्यू स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मुकुंदाबेड़ा एवं डीएवी स्कूल भुइंयांडीह में आयोजित वार्षिक समर कैंप का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया. 18 से 29 मई तक आयोजित इस 12 दिवसीय कैंप का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों एवं स्कूलों के बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को निखारना तथा उन्हें स्क्रीन टाइम से दूर रख कर शारीरिक और मानसिक रूप से सक्रिय बनाना था. स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट द्वारा आयोजित इस कैंप में 12 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को एथलेटिक्स, फुटबॉल, आर्चरी, क्रिकेट, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, फेंसिंग, योग एवं लाइफस्टाइल मैनेजमेंट का प्रशिक्षण दिया गया. इस वर्ष पहली बार पौधरोपण एवं एडवेंचर शिविर को भी शामिल किया गया. समर कैंप के दौरान एथलेटिक्स, फुटबॉल और आर्चरी के लिए कुल 48 प्रतिभाशाली बच्चों का चयन किया गया. चयनित बच्चों को टाटा स्टील के फीडर सेंटर में आगे प्रशिक्षण का अवसर दिया जायेगा. समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में चीफ सीइपी राजेश कुमार उपस्थित थे. विशिष्ट अतिथि के रूप में आरसीएमयू अध्यक्ष मोहन महतो, सचिव योगेंद्र सिंह सहित कंपनी के कई पदाधिकारी मौजूद थे. अतिथियों ने योग प्रशिक्षकों एवं कोचों को सम्मानित किया और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर हेड एडमिनिस्ट्रेशन दीपक श्रीवास्तव, हेड सिक्योरिटी अखिलेश सिंह, अमरेश झा उपस्थित थे. कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट की भूमिका सराहनीय रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










