दामोदर नदी का जर्जर पुल बना खतरा, नये निर्माण की फाइल मंजूरी के इंतजार में

दामोदर नदी का जर्जर पुल बना खतरा, नये निर्माण की फाइल मंजूरी के इंतजार में
:: ग्रामीण जान जोखिम में डालकर कर रहे आवागमन, 19.44 करोड़ की योजना फंडिंग के अभाव में अटकी प्रतिधि, गिद्दी. गिद्दी-भुरकुंडा को जोड़ने वाला दामोदर नद पर वर्षों पहले बना पुल अब जर्जर हो गया है. पुल पर बनी सड़क गड्ढे में तब्दील हो गयी है. इससे वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है. पथ निर्माण विभाग ने नये पुल निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कर दिया है. इसकी तकनीकी स्वीकृति भी मिल गयी है. सीसीएल की फंडिंग और अंतिम मंजूरी नहीं मिलने के कारण इसका निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है. दामोदर नद पर 80 के दशक में पुल बना था. यह पुल कुछ वर्षों से जर्जर अवस्था में है. सीसीएल प्रबंधन ने आंध्रप्रदेश की जांच एजेंसी से इसकी जांच करायी थी. उसने संकेत दिया था कि यह पुल अब ज्यादा दिन तक चलने वाला नहीं है. इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने आवाज उठायी और क्षेत्र के लोगों ने आंदोलन किया. नये पुल के निर्माण पर 19 करोड़ 44 लाख खर्च होंगे. पथ निर्माण विभाग ने फंडिंग के लिए सीसीएल प्रबंधन को पत्र भेज दिया है. इसका फाइल सीसीएल मुख्यालय में है. बताया जाता है कि सीसीएल की अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही निविदा निकाली जायेगी. इसके बाद इसका कार्य शुरू होगा. इस पुल के माध्यम से बड़े-बड़े वाहनों द्वारा कोयले की ढुलाई होती है. पुल पर बनी सड़क उबड़-खाबड़ व जर्जर हो गयी है. हालांकि, सड़क मरम्मत के लिए सीसीएल प्रबंधन ने दो बार निविदा निकाली थी. यह कार्य रांची के एक अभिकर्ता को दिया गया था, लेकिन उसने यह कार्य नहीं किया. पुल की रेलिंग दो-तीन जगहों से टूट गयी है, वहां पर बांस की बल्ली लगा दी गयी है. पुल की जर्जर अवस्था को देखते हुए प्रबंधन ने पुल के दोनों छोर पर सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिया है. अरगड्ढा के क्षेत्रीय प्रबंधन ने कहा कि पथ निर्माण विभाग से पत्र मिला था. उसे सीसीएल मुख्यालय भेज दिया गया है. पथ निर्माण विभाग, रामगढ़ के पदाधिकारी ने कहा कि सीसीएल से फंड मिलेगा, तभी इसका कार्य शुरू कराया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




