रामगढ़ में सुबह की सैर बनी खौफनाक, बेटी के सामने मां से सोने की चेन छीनी

रामगढ़ में सुबह की सैर बनी खौफनाक, बेटी के सामने मां से सोने की चेन छीनी
कॉलेज कॉलोनी के पास बाइक सवार दो युवकों ने वारदात को दिया अंजाम
सीसी टीवी फुटेज के आधार पर पुलिस कर रही पहचानप्रतिनिधि, रामगढ़
रामगढ़ कॉलेज के समीप स्थित कॉलेज कॉलोनी निवासी एक महिला से बुधवार की सुबह सोने की चेन की छिनतई हुई है. इस संबंध में पीड़िता ने डायल 112 पर सूचना देकर रामगढ़ थाना में इसकी शिकायत की है. इस संबंध में बताया गया कि सुबह लगभग आठ बजे महिला अपनी बेटी के साथ घर से बाहर टहलने निकली थी. इस दौरान, पहले से घात लगाये दो बाइक सवार दो युवक आये. बाइक चला रहा युवक हेलमेट पहने हुए था. पीछे बैठा उसका साथी बिना हेलमेट के था. जैसे ही महिला सड़क पर बाइक सवार के नजदीक पहुंची, युवक ने झपट्टा मारते हुए महिला के गले से सोने की चेन खींच ली. पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला और उसकी बेटी कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही अपराधी मौके से फरार हो गये. पीड़िता के पति अशोक कुमार सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर हैं. उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर रही है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय भी इस तरह की घटनाएं होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है. रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है.
सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गयी है घटना : पूरी घटना पास में लगे सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गयी है. पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जायेगा. इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अपराधी अब रिहायशी इलाकों में भी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. इससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










