Ramgarh: 34 जंगली हाथियों को खदेड़ने में जुटी गोला और पेटरवार की क्यूआरटी टीम

Updated:
विज्ञापन
Ramgarh News

जंगल में वन विभाग की टीम

Ramgarh में 34 जंगली हाथियों के झुंड को जंगल की ओर खदेड़ने के लिए गोला और पेटरवार की QRT टीम लगातार अभियान चला रही है.

विज्ञापन

रामगढ़ से राजकुमार की रिपोर्ट
Ramgarh: रामगढ़ जिला के गोला वन क्षेत्र में पिछले एक माह से जंगली हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है. वर्तमान में क्षेत्र में 34 जंगली हाथियों का झुंड अलग-अलग हिस्सों में फैल गया है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. हाथियों के लगातार गांवों की ओर पहुंचने तथा फसलों एवं मकानों को नुकसान पहुंचाने से लोग परेशान हैं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने शनिवार शाम विशेष अभियान शुरू किया. अभियान का नेतृत्व रेंजर राकेश कुमार सिंह कर रहे हैं.

अलग-अलग झुंड में बंटे हैं हाथी

जानकारी के अनुसार हाथियों का झुंड गोला वन क्षेत्र के हेंसापोड़ा, रोला, सुतरी, चोपादारु समेत कई गांवों के आसपास पहुंच चुका है. हाथी अलग-अलग समूहों में बंटे हुए हैं, जिस कारण उन्हें जंगल की ओर खदेड़ने में वन विभाग को कठिनाई हो रही है. ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही हाथियों का झुंड गांवों की ओर बढ़ने लगता है. इससे लोगों में भय का माहौल है. रात के समय लोग खेतों एवं गांव के बाहर जाने से बच रहे हैं.

फसल और मकानों को पहुंचा रहे नुकसान

हाथियों द्वारा कई किसानों की फसलों को रौंद दिया गया है, वहीं कई मकानों को भी क्षतिग्रस्त किया गया है. लगातार बढ़ रही घटनाओं से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है.

गोला और पेटरवार की क्यूआरटी टीम चला रही अभियान

वन विभाग के निर्देश पर गोला एवं पेटरवार की क्यूआरटी टीम संयुक्त रूप से हाथियों को खदेड़ने के अभियान में जुटी हुई है. टीम मशाल, पटाखा एवं अन्य पारंपरिक उपायों के सहारे हाथियों को जंगल की ओर मोड़ने का प्रयास कर रही है. वन विभाग की टीम लगातार गांवों में निगरानी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील कर रही है. लोगों को रात में अकेले बाहर नहीं निकलने और हाथियों के करीब नहीं जाने की सलाह दी जा रही है.

पहले भी चलाया गया था विशेष अभियान

बताया जाता है कि इससे पहले भी गोला क्षेत्र में बड़ी संख्या में हाथियों का झुंड पहुंचा था. उस समय रामगढ़, बोकारो समेत अन्य जिलों की क्यूआरटी टीमों को बुलाकर विशेष अभियान चलाया गया था. कई दिनों की मशक्कत के बाद हाथियों को जंगल क्षेत्र से बाहर खदेड़ने में सफलता मिली थी, लेकिन एक बार फिर हाथियों के पहुंचने से वन विभाग की चिंता बढ़ गई है. ग्रामीण वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं.

क्या बोले रेंजर आरके सिंह

रेंजर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में कुल 34 हाथियों का झुंड मौजूद है, जो अलग-अलग हिस्सों में बंटा हुआ है. उन्होंने कहा कि सभी हाथियों को एक दिशा में लाकर जंगल क्षेत्र की ओर खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा है. वन विभाग की टीम लगातार अभियान चला रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

ये भी पढ़ें…

रामगढ़ के नए एसपी से मिले चैंबर के पदाधिकारी, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर हुई बात

झारखंड हाईकोर्ट के जज दीपक रोशन पहुंचे रामगढ़ सिविल कोर्ट

विज्ञापन
अमलेश नंदन सिन्हा

लेखक के बारे में

By अमलेश नंदन सिन्हा

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola