हथियार व गोली बरामदगी में 19 लोगों को भेजा जेल

Updated at : 16 May 2018 4:30 AM (IST)
विज्ञापन
हथियार व गोली बरामदगी में 19 लोगों को भेजा जेल

24 के खिलाफ मामला दर्ज मामले में कोई नहीं आया गवाही में, थानेदार ने खुद कराया मामला दर्ज एफआइआर में पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करने की बात सामने आयी विकास, बाघा, गुलशन, ओमप्रकाश, शमशाद की पुलिस कर रही तलाश पतरातू : रविवार देर रात पतरातू रेलवे स्टीम काॅलोनी में स्व. किशो पांडेय के साला निशांत […]

विज्ञापन

24 के खिलाफ मामला दर्ज

मामले में कोई नहीं आया गवाही में, थानेदार ने खुद कराया मामला दर्ज
एफआइआर में पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करने की बात सामने आयी
विकास, बाघा, गुलशन, ओमप्रकाश, शमशाद की पुलिस कर रही तलाश
पतरातू : रविवार देर रात पतरातू रेलवे स्टीम काॅलोनी में स्व. किशो पांडेय के साला निशांत सिंह के रिसेप्शन पार्टी में पुलिस द्वारा छापेमारी के बाद हथियारों की बरामदगी मामले में पतरातू थानेदार लिलेश्वर महतो के बयान पर 24 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. छापामारी में पकड़े गये 19 लोगों को पुलिस ने मंगलवार को जेल भेज दिया. जबकि बाघा सिंह, गुलशन सिंह, विकास साव, ओमप्रकाश पांडेय व शमशाद को पुलिस तलाश रही है. इनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है. इन सभी के खिलाफ पतरातू थाना में केस संख्या 142/18, भादवि की धारा 143/353/224/120/ (बी), शस्त्र अधिनियम की धारा के साथ आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज किया गया है.
थानेदार के बयान पर दर्ज मामले के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि स्व. किशोर पांडेय के साला के रिसेप्शन पार्टी में भारी संख्या में हथियारबंद लोग आये हुये हैं और फायरिंग कर रहे हैं. सूचना मिलते ही सशस्त्र बलों की टीम गठित कर सूचित स्थान पर भेजा गया तो पाया कि फायरिंग हो रही है. पुलिस को देख कर फायरिंग करनेवाले इधर-उधर भागने लगे. इस दौरान पुलिस ने दो लोगों को रायफल व पिस्टल के साथ पकड़ा. इनसे पूछताछ की जा रही थी. तभी बाघा सिंह, गुलशन सिंह, विकास साव, ओमप्रकाश पांडेय व शमशाद के नेतृत्व में 150-200 लोग झुंड बना कर आये और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की कर पकड़े गये लोगों को छुड़ा लिया. इसके बाद तीन-चार गाड़ियों से हथियार लेकर भागने लगे. पुलिस की टीम ने हेसला पंचायत भवन के पास ओवरटेक कर वाहनों को रोका तो वाहन पर सवार लोग भागने लगे. पुलिस ने 19 लोगों को घेर कर पकड़ लिया.
वर्चस्व व भय बनाने के लिए जुटाये गये थे हथियार
पतरातू एसडीपीओ श्रीकांत एस राव खोत्रे ने रिसेप्शन से हथियारों व गोलियों की बरादमगी के बावत कहा कि क्षेत्र में अपना वर्चस्व व भय को कायम करने के उद्देश्य से भारी संख्या में हथियारबंद लोगों को जुटा कर फायरिंग कराया गया था. इस मामले में जिनका भी नाम आया है, उसे बख्शा नहीं जायेगा.
कोई नहीं आया गवाही में
एफआइआर में लिलेश्वर महतो ने कहा कि पांडेय गिरोह द्वारा रिसेप्शन पार्टी आयोजित की गयी थी. क्षेत्र में गिरोह का वर्चस्व है. इसलिए छापामारी के दौरान हथियारों, गोलियों व 19 लोगों की गिरफ्तारी के बाद कोई भी गवाही के लिए तैयार नहीं हुआ.
इन्हें भेजा गया जेल
पतरातू में हथियार व गोलियां बरामदगी का मामला दर्ज होने के बाद मंगलवार को नवीन कुमार सिन्हा, प्रदीप कुमार, सरोज कुमार, रामप्रकाश सिंह, उपेंद्र सिंह, मो तसवर हुसैन, जय प्रकाश सिंह, राजेश कुमार सिंह, ब्रमेश्वर राय, देवेंद्र कुमार शर्मा, ललित कुमार शर्मा, शशिकांत शर्मा, अंजनी शर्मा, अजय कुमार, माया सिंह, मनोज कुमार, मुकेश कुमार, आनंद शर्मा, जितेंद्र शर्मा को रामगढ़ जेल भेज दिया गया.
रिसेप्शन स्थल से मिला खोखा
रविवार देर रात से सोमवार तड़के सुबह तक चले छापेमारी में पुलिस ने 18 रायफल, एक पिस्टल, सैकड़ों गोलियां बरामद की थी. इसके बाद पुलिस के वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने दोबारा रिसेप्शन स्थल पर छापामारी कर तीन खोखा बरामद किया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola