प्रेम संबंध में युवक की हत्या, मौसा गिरफ्तार

प्रेम संबंध में युवक की हत्या, मौसा गिरफ्तार
प्रतिनिधि, मेदिनीनगर सतबरवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुई पवन कुमार सिंह (18 वर्ष) की मौत मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस जांच में सामने आया कि पवन की हत्या उसके मौसा रवि सिंह ने की थी. बाद में साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटका दिया गया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. प्रशिक्षु डीएसपी राजेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पवन का एक 28 वर्षीय विवाहित महिला के साथ प्रेम संबंध था. शुक्रवार की रात पवन महिला के घर गया था. उसी दौरान वहां मौजूद रवि सिंह ने उसे देख लिया. आवेश में आकर रवि ने पवन के सिर पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद आरोपी ने मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की. वह शव को ढुलसुलमा स्थित हड़ही पहाड़ ले गया और वहां एक पेड़ से लटका दिया. सूचना मिलने पर पुलिस ने शव बरामद किया. गले पर मौजूद निशानों से हत्या की आशंका हुई, जिसके बाद जांच आगे बढ़ायी गयी. पुलिस हिरासत में आरोपी रवि सिंह ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त साढ़े तीन फीट का बांस का डंडा भी बरामद कर लिया गया है. मृतक के पिता ने पहले अन्य लोगों पर भी संदेह जताया था. मामले के सफल उद्भेदन में प्रभारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर राजेश यादव, पांकी पुलिस निरीक्षक, सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार और अन्य पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










