भतीजी की शादी कराने गए कारोबारी के घर से तीन लाख की चोरी, चारों ने 20 घरों में किया हाथ साफ

चोरी की वारदात के बाद घटनास्थल पर मौजूद जनसमूह. फोटो: प्रभात खबर
Palamu News: पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में भतीजी की शादी में गए व्यवसायी के बंद घर में चोरों ने सेंधमारी कर करीब 20 लाख रुपये की चोरी कर ली. चोर तीन लाख नकद और लाखों के जेवर ले गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.
पलामू से मनीष कुमार की रिपोर्ट
Palamu News: झारखंड के पलामू जिले में चोरों ने एक कारोबारी के बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है. नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के सरईडीह पुलिस पिकेट के सामने स्थित व्यवसायी प्रदीप साव के घर से अज्ञात चोरों ने करीब तीन लाख रुपये नकद और लगभग 17 लाख रुपये के जेवर सहित कुल करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. घटना बुधवार रात की बताई जा रही है.
शादी समारोह में गया था पूरा परिवार
जानकारी के अनुसार व्यवसायी प्रदीप साव अपने परिवार के साथ चैनपुर स्थित एक मैरेज हॉल में भतीजी की शादी में शामिल होने गए हुए थे. इसी दौरान चोरों ने उनके बंद घर को निशाना बनाया. घर में कोई मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर चोरों ने पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया.
दीवार तोड़कर घर में घुसे चोर
गुरुवार को जब प्रदीप साव और उनका परिवार शादी समारोह से वापस लौटा, तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. चोरों ने घर के पीछे की दीवार को तोड़कर अंदर घुसने के बाद कमरे में रखी अलमारी और बक्सों को तोड़ दिया था. घर में रखे करीब तीन लाख रुपये नकद और लगभग 17 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोर अपने साथ ले गए. चोरी की इस घटना से परिवार पूरी तरह सदमे में है.
पुलिस में दर्ज कराया गया मामला
घटना के बाद भुक्तभोगी प्रदीप साव ने नौडीहा बाजार थाना में लिखित आवेदन देकर चोरी का मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रदीप साव सरईडीह इलाके में कपड़ा और किराना की दुकान चलाते हैं. चोरी की इस घटना के बाद परिवार के सदस्य काफी परेशान हैं और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.
पुलिस ने शुरू की जांच
थाना प्रभारी अमित कुमार द्विवेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. उन्होंने बताया कि चोरी की घटना की तह तक पहुंचने के लिए खोजी कुत्ते की भी मदद ली गई. हालांकि अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: कहां गया कृषि विभाग का 1.65 करोड़? पलामू में दफ्तर बनाने के लिए 15 साल पहले हुआ था आवंटित
इलाके के व्यवसायियों में दहशत
इस घटना के बाद सरईडीह इलाके में व्यवसायियों के बीच दहशत का माहौल है. पुलिस पिकेट के सामने ही इतनी बड़ी चोरी होने से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: डेपुटेशन कैंसिल होते ही फुर्र हो गए पलामू के 11 टीचर, सात महीने बाद भी नहीं लौटे ऑरिजनल स्कूल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




