पलामू की अदालत ने हत्या के चार दोषियों को सुनायी उम्रकैद की सजा, रास्ते की जमीन को लेकर हुआ था विवाद
Published by : Guru Swarup Mishra Updated At : 05 Jun 2024 3:45 PM
पलामू सिविल कोर्ट
पलामू की अदालत ने हत्या के चार दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनायी. रास्ते की जमीन को लेकर विवाद हुआ था. गाली-गलौज व झगड़े के बाद दोषियों ने अजय राम पासी की हत्या कर दी थी. ये मामला 2020 का है.
मेदिनीनगर (पलामू): पलामू की अदालत ने बुधवार को हत्या के चार दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनायी और जुर्माना लगाया. रास्ते की जमीन को लेकर हुए विवाद में अजय राम पासी की हत्या कर दी गयी थी. वह मजदूरी का काम करता था. ये मामला वर्ष 2020 का है.
अदालत ने इन्हें सुनायी आजीवन कारावास की सजा
पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में हत्या के चार दोषियों को शंकर कुमार महराज की अदालत ने सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई. इनमें चैनपुर थाना क्षेत्र के गुरहा निवासी गुड्डू पासी, रामावतार पासी, महेश पासी और सुनीता देवी शामिल हैं.
मजदूरी करने घर से निकले, लेकिन वापस नहीं लौटे
पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के गुरहा निवासी विकास कुमार पासी ने चार लोगों के खिलाफ चैनपुर थाने में कांड संख्या (468/2020) 20 दिसंबर 2020 को प्राथमिकी दर्ज करायी थी. इसमें उसने कहा था कि रास्ते की जमीन को लेकर विवाद हुआ था. इसमें चारों ने उसके पिता को मार डाला था. पहले गाली-गलौज एवं झगड़ा हुआ था. 19 दिसंबर 2020 को उसके पिता अजय राम पासी मजदूरी का काम करने गए थे, लेकिन वह देर शाम तक वापस घर नहीं लौटे. विकास कुमार पासी एवं उसकी मां गीता देवी उन्हें खोजने के लिए निकले, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका.
बांध पर देखा मृतक का शव
20 दिसंबर 2020 की बात है. मृतक का पुत्र विकास कुमार पासी और उसकी पत्नी सुबह से ही अजय राम पासी को ढूंढ रहे थे. इसी क्रम में डुमरिया बांध पर पहुंचे तो उन्होंने अजय राम पासी का शव पड़ा देखा. ललाट पर चोट और गर्दन पर जख्म के निशान थे.
टांगी से काटकर की गयी थी हत्या
बताया जाता है कि कुल्हाड़ी (टांगी) से काटकर अजय राम पासी की हत्या कर दी गयी थी. साक्ष्य छिपाने की नीयत से डुमरिया बांध के पास उसका शव फेंक दिया गया था. 302/34 के तहत उम्रकैद एवं साढ़े सात हजार रुपए जुर्माना एवं 201/34 के तहत पांच साल की सजा व पांच-पांच हजार रुपए जुर्माना लगाया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










