महायज्ञ से समाज में आती है सकारात्मक ऊर्जा : विधायक
Published by : Akarsh Aniket Updated At : 17 May 2026 9:39 PM
महायज्ञ से समाज में आती है सकारात्मक ऊर्जा : विधायक
प्रतिनिधि, पांकी प्रखंड के तेतराई चट्टी स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में रविवार को 10 दिवसीय महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक डॉ कुशवाहा शशिभूषण मेहता शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने इस अनुष्ठान का शुभारंभ और विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. मौके पर विधायक डॉ मेहता ने कहा कि धार्मिक अनुष्ठानों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. ऐसे आयोजनों से लोगों के बीच आपसी सौहार्द और भाईचारा मजबूत होता है. उन्होंने कहा कि महायज्ञ और धार्मिक अनुष्ठान केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह समाज को एक सूत्र में पिरोने का सशक्त माध्यम हैं. ऐसे आयोजनों में हर वर्ग के लोग एक साथ मिलकर श्रमदान और सहयोग करते हैं, जिससे आपसी भेदभाव मिटता है और भाईचारे की भावना सुदृढ़ होती है. जब किसी क्षेत्र में नौ या दस दिनों तक लगातार मंत्रोच्चार, हवन और प्रभु का नाम लिया जाता है, तो वहां की हवा शुद्ध होती है और वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. यह सकारात्मकता मनुष्य के विचारों को बदलती है. जब विचार शुद्ध होंगे, तो समाज से अपराध, नशा और अन्य सामाजिक बुराइयां अपने आप दूर हो जायेगी. इस दौरान विधायक ने युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने पर विशेष बल दिया. उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक युग में बच्चों को अपनी गौरवशाली सनातन परंपरा और धार्मिक मूल्यों की जानकारी देना बेहद जरूरी है. इस तरह के भव्य आयोजन युवाओं और बच्चों को अपनी जड़ों से जोड़े रखने में मदद करते हैं, जिससे वे संस्कारवान बनते हैं. डॉ. मेहता ने भगवान श्री राधा-कृष्ण से पांकी प्रखंड सहित पूरे विधानसभा क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना की.उन्होंने महायज्ञ के सफल संचालन के लिए आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं.महायज्ञ के शुभारंभ पर मंदिर परिसर से गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गयी.इसमें सैकड़ों श्रद्धालु सिर पर कलश धारण कर शामिल हुए. कलश यात्रा तेतराई चट्टी के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए सोनरे नदी पहुंची. वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र जल भरकर श्रद्धालु पुनः यज्ञ स्थल लौटे. पूरे रास्ते में ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










