केंदू पत्ता जब्ती के दौरान वनकर्मियों से मारपीट और लूटपाट, प्राथमिकी दर्ज
Published by : Akarsh Aniket Updated At : 31 May 2026 9:55 PM
केंदू पत्ता जब्ती के दौरान वनकर्मियों से मारपीट और लूटपाट, प्राथमिकी दर्ज
तरहसी. पलामू जिले के मनातू वन प्रक्षेत्र के सिलदिलीया कला जंगल क्षेत्र में अवैध केंदू पत्ता कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने गयी वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों और तस्करों ने हमला कर दिया. आरोप है कि भीड़ ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए विभागीय वाहन को आग लगाने की धमकी दी और जब्त किये गये केंदू पत्तों को बलपूर्वक लूट कर ले गये. इस हिंसक घटना को लेकर वन विभाग के अधिकारियों ने तरहसी थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. 30 मई को छापेमारी कर लगभग 80 हजार केंदू पत्ता पोला जब्त किया था जानकारी के अनुसार 30 मई को गुप्त सूचना के आधार पर सेवती बीट के प्रभारी वनपाल संजय लकड़ा के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर लगभग 80 हजार केंदू पत्ता पोला जब्त किया था. इसी बीच भारी संख्या में इकट्ठा हुए स्थानीय लोगों ने वनकर्मियों के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी. वन विभाग का कहना है कि अवैध वन उपज के कारोबार को रोकने के लिए नियमित अभियान चलाये जा रहे हैं, लेकिन ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती हैं. विभाग ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. वनपाल संजय लकड़ा के आवेदन पर कई नामजद और अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.फिलहाल, पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










