भाईचारे के साथ मनायें शब-ए-बारात व शिवरात्रि : डीसी

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि पाकुड़ जिला सदैव आपसी भाईचारे व सामाजिक समरसता के लिए जाना जाता रहा है.
संवेदनशील स्थानों, चौक-चौराहों तथा धार्मिक स्थलों पर रहेगी विशेष निगरानी संवाददाता, पाकुड़ पर्व शब-ए-बारात व महाशिवरात्रि को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण व व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है. इसी क्रम में उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि पाकुड़ जिला सदैव आपसी भाईचारे व सामाजिक समरसता के लिए जाना जाता रहा है. पर्व-त्योहारों के दौरान आमजन का प्रशासन को भरपूर सहयोग मिलता रहा है, जिसे आगे भी बनाए रखने की आवश्यकता है. उन्होंने सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील स्थानों, चौक-चौराहों तथा धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती है. इसे देखते हुए सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखने तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. सभी पदाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहकर आपसी समन्वय एवं सतर्कता के साथ कार्य करने को कहा गया. वहीं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि जिले के सभी संवेदनशील धार्मिक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी. सभी थाना प्रभारियों को नियमित गश्ती अभियान चलाने एवं विधि-व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया. उन्होंने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू है, जिसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जायेगा. जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पर्व-त्योहारों को शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि जिले में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बना रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










