औरंगाबाद के मदनपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल, बेहतर इलाज के लिए रेफर

सांकेतिक तस्वीर
औरंगाबाद के मदनपुर में सलैया थाना क्षेत्र के कोल्हुआ मोड़ पर एक दर्दनाक हादसा हुआ. अज्ञात वाहन ने बाइक सवार धर्मेंद्र चौधरी को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है.
औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड के सलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल्हुआ मोड़ के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान बहेलिया बिगहा गांव निवासी धर्मेंद्र चौधरी के रूप में हुई है.
पुलिस ने पहुंचकर घायल को अस्पताल में कराया भर्ती
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना सलैया थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल धर्मेंद्र चौधरी को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर पहुंचाया.
सीएचसी में मौजूद चिकित्सक ने घायल का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया गया. बताया गया कि हादसे में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं.
ससुराल से लौटने के दौरान हुआ हादसा
घटना के संबंध में पूर्व मुखिया उपेंद्र यादव ने बताया कि धर्मेंद्र चौधरी अपने ससुराल लालटेंगनज गांव गए हुए थे. वहां से अपने घर बहेलिया बिगहा लौटने के दौरान जैसे ही वे कोल्हुआ मोड़ के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी तेज थी कि धर्मेंद्र चौधरी बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया. ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ी रहती है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर करने और हादसों पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है.
अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी पुलिस
सलैया थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है. घटना को लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










