पाकुड़ में बंद घरों को निशाना बनाने वाले चोर गिरोह का खुलासा, 48 घंटे में चार गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

बरामद किये गये सामान. | Prabhat Khabar Network

पाकुड़ पुलिस ने 48 घंटे के भीतर बंद घरों में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है. चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया गया है.

विज्ञापन

पाकुड़ : नगर थाना क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से चोरी के बर्तन, इंडक्शन चूल्हा, नकदी, बिजली का तार और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किये गये हैं. गिरफ्तार आरोपियों में तीन का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है.

एसपी अनुदीप सिंह ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी. इस दौरान एसडीपीओ पाकुड़ कुमार गौरव और नगर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता मौजूद थे.

प्रेस वार्ता में चोरी की घटना की जानकारी देते एसपी अनुदीप सिंह, साथ में एसडीपीओ कुमार गौरव व नगर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता. | Prabhat Khabar Network
प्रेस वार्ता में चोरी की घटना की जानकारी देते एसपी अनुदीप सिंह, साथ में एसडीपीओ कुमार गौरव व नगर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता. | Prabhat Khabar Network

48 घंटे में चोरी की वारदात का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम का गठन किया. टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की और महज 48 घंटे में चोरी की घटनाओं का उद्भेदन करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इलाके में बंद घरों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पता चला है. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के सामान के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है.

मद्यपाड़ा और शहरकोला में बंद घरों को बनाया था निशाना

पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त की रात मद्यपाड़ा और शहरकोला इलाके में दो बंद घरों में चोरी की गयी थी. चोरों ने दोनों घरों से कांसा और पीतल के बर्तन, चांदी की मूर्तियां, सोने की अंगूठी, इंडक्शन चूल्हा और करीब 20 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था. घटना के बाद पीड़ितों की शिकायत पर नगर थाना में कांड संख्या 192/2026 और 193/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की.

तकनीकी और मानवीय साक्ष्य से पुलिस ने संदिग्धों तक पहुंचायी जांच

एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की. इसके बाद पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.

मुर्शिदाबाद से लेकर पाकुड़ तक जुड़े हैं आरोपियों के तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोनी शेख, पिता बदरूल शेख, निवासी शमशेरगंज, मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल, वर्तमान पता मौलाना चौक, पाकुड़; मो. इस्माईल हक, पिता अब्दुल रसिद, निवासी शमशेरगंज, मुर्शिदाबाद; सागर मंडल, पिता विक्रम मंडल, निवासी शहरकोला कोयला मोड़, पाकुड़ नगर और हबीब शेख उर्फ सुरज शेख, पिता फिरोज शेख, निवासी नया बल्लभपुर, पाकुड़ नगर के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, रोनी शेख, सागर मंडल और हबीब शेख के खिलाफ पूर्व में भी चोरी समेत कई मामले दर्ज हैं.

चोरी के बर्तन से लेकर इंडक्शन चूल्हा और औजार बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कांसा की दो थाली, दो कटोरे और एक दीया, पीतल की एक बाल्टी, पीतल जैसा दिखने वाला दो दरवाजा स्टॉपर, एक प्रेस्टीज इंडक्शन चूल्हा और एक इंडेन गैस रेगुलेटर बरामद किया है. इसके अलावा करीब पांच मीटर बिजली का तार, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार, एक गुलेल और 900 रुपये नकद भी बरामद किये गये हैं. पुलिस बरामद सामान को चोरी की घटनाओं से जोड़कर आगे की जांच कर रही है.

विशेष छापेमारी टीम में शामिल रहे कई पुलिस अधिकारी

छापेमारी टीम में एसडीपीओ कुमार गौरव, नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक सुबल कुमार डे, अनंत साहा, अभिषेक कुमार, सन्नी सुप्रभात और मिथुन रजक समेत नगर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे. पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.


विज्ञापन
रमेश भगत

लेखक के बारे में

By रमेश भगत

रमेश भगत प्रभात खबर, पाकुड़ में ब्यूरो चीफ हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता की पढ़ाई की है. 15 वर्षों के पत्रकारिता करियर की शुरुआत दिल्ली में CNEB News Channel से की. इसके बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के ईएमएमसी (EMMC) और डीडी न्यूज में कार्य किया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में उन्हें व्यापक अनुभव है. राजनीति, प्रशासन, अपराध, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनसरोकार सहित हर विधा की खबरों की रिपोर्टिंग और विश्लेषण में उनकी विशेष रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola