जर्जर स्कूल भवन का छज्जा गिरने से दो छात्राएं घायल

जर्जर स्कूल भवन का छज्जा गिरने से दो छात्राएं घायल
बरवाडीह. प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय लुहुर में बुधवार को जर्जर भवन का छज्जा गिरने से दो छात्राएं घायल हो गयीं. जानकारी के अनुसार जब विद्यालय में बच्चे मिड-डे मील ग्रहण कर रहे थे तब अचानक छज्जा गिरने से कक्षा पांच की दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गयीं. घायलों की पहचान ब्रह्मदेव राम की पुत्री काजल कुमारी (11) तथा बबलू राम की पुत्री दिव्या कुमारी (10) के रूप में हुई है. दोनों छात्राओं के सिर में गंभीर चोट आयी है. घटना के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिलेश कुमार एवं सीआरपी सुमन कुमार ने दोनों छात्राओं को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये. यहां प्रभारी चिकित्सक डॉ मंटू कुमार और ड्रेसर राजेश चंद्र ने दोनों का प्राथमिक इलाज किया. चिकित्सकों के अनुसार दोनों छात्राएं खतरे से बाहर हैं. घटना के बाद अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भारी चिंता देखी गयी. अभिभावकों ने विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति को लेकर स्कूल प्रबंधन और प्रखंड शिक्षा विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि भवन की खराब हालत की जानकारी पहले से होने के बावजूद समय रहते इसकी मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गयी. अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन तथा प्रखंड प्रशासन से इसकी मरम्मत कराने की मांग की है़
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










