परिवहन विभाग की कार्रवाई, सवा दो लाख रुपये जुर्माना वसूला

परिवहन विभाग की कार्रवाई, सवा दो लाख रुपये जुर्माना वसूला
चंदवा़ उपायुक्त लातेहार के निर्देश पर शनिवार को चंदवा थाना क्षेत्र में जिला परिवहन विभाग ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया. जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) उमेश मंडल के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया. यह अभियान मुख्य रूप से यातायात को सुगम बनाने, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और बकाया राजस्व संग्रह के उद्देश्य से चलाया गया. जांच के दौरान डीटीओ ने पाया कि कई बस चालक बस स्टैंड के बजाय मुख्य सड़क पर ही वाहन खड़ा कर सवारी उतारने और चढ़ाने का काम कर रहे थे. इससे न केवल जाम की स्थिति बन रही थी, बल्कि दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है. विभाग ने सख्ती बरतते हुए ””””नो-स्टॉपिंग जोन”””” में खड़ी एक बस और टैक्स बकाया रहने के मामले में एक जेसीबी समेत कुल चार वाहनों को जब्त कर चंदवा थाने को सुपुर्द कर दिया. अभियान के दौरान कुल 32 वाहनों के दस्तावेजों की पड़ताल की गयी. इनमें से छह वाहनों का मोटर वाहन अधिनियम के तहत ऑनलाइन चालान काटा गया. इस पूरी कार्रवाई में विभाग ने कुल दो लाख 12 हजार 700 रुपये जुर्माना वसूला. डीटीओ उमेश मंडल ने वाहन मालिकों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि रोड टैक्स का अविलंब भुगतान करें, अन्यथा भविष्य में और भी कड़ी कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने बस संचालकों को सड़क के बजाय स्टैंड का उपयोग करने की सख्त हिदायत दी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




