डीवीसी कोल साइडिंग के मुख्य द्वार पर राहुल दूबे गैंग ने की फायरिंग
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 31 Dec 2025 10:16 PM
डीवीसी कोल साइडिंग के मुख्य द्वार पर राहुल दूबे गैंग ने की फायरिंग
लातेहार ़ सदर थाना क्षेत्र के तुबेद गांव में दामोदर वेली काॅरपोरेशन (डीवीसी) द्वारा संचालित कोल साइडिंग में मंगलवार देर शाम अज्ञात अपराधियों ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम सात बजे के बाद एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधी कोल साइडिंग के इंट्री गेट के पास पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी. अपराधियों ने दो राउंड गोली चलायी. इसके बाद मौके से मोटरसाइकिल से फरार हो गये. बताया जाता है कि चलायी गयी गोलियों में से एक गोली इंट्री गेट की चहारदीवारी में जा लगी, जिससे दीवार में छेद हो गया. गनीमत थी कि इस घटना में कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ. हालांकि अचानक हुई गोलीबारी से कोल साइडिंग में कार्यरत कर्मियों और सुरक्षाकर्मियों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया. गोलीबारी की सूचना मिलते ही कोल साइडिंग कैंप में तैनात पुलिस बल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद सदर थाना प्रभारी रमाकांत गुप्ता दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की. थाना प्रभारी ने बताया की गोली चली है. मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि बाइक में दो लोग आये थे और फायरिंग कर भाग निकले. अपराधियों की धर-पकड़ के लिए छापामारी अभियान चलाया जा रहा है. इस घटना के बाद राहुल दुबे गैंग ने फेसबुक में पोस्ट कर घटना की जिम्मेवारी ली है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










