चुनाव प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी : डीसी

चुनाव प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी : डीसी
लातेहार ़ समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में नगर पंचायत आम निर्वाचन-2026 की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई. उपायुक्त ने निर्वाचन कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए बिंदुवार निर्देश दिये. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. जल्द शुरू होगा प्रशिक्षण कार्य : उपायुक्त ने निर्देश दिया कि बनवारी साहू महाविद्यालय में निर्वाचन से संबंधित प्रशिक्षण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाये. इसके साथ ही उन्होंने चुनाव के लिए रूट चार्ट तैयार करने, मतपेटिकाओं के रंग का निर्धारण करने और उपलब्ध वाहनों की स्थिति की समीक्षा करने का टास्क दिया. सभी मतदान केंद्रों (बूथों) की भौतिक स्थिति का आकलन कर रिपोर्ट देने को कहा गया है ताकि समय रहते व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा सकें. पॉलिटेक्निक कॉलेज में बनेगा मतगणना केंद्र : बैठक में जानकारी दी गयी कि समाहरणालय परिसर में डिस्पैच सेंटर स्थापित होगा, जबकि पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतगणना केंद्र बनाया जायेगा. उपायुक्त ने वज्रगृह (स्ट्रांग रूम) के लिए उपयुक्त कक्ष का चयन कर उसे सुव्यवस्थित करने और सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि विभिन्न कोषांगों के गठन की प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाये. मौके पर आइटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, एसडीओ अजय कुमार रजक, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्रेयांश समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




