झारखंड: जेजेएमपी के तीन नक्सली पिस्टल व कारतूस के साथ अरेस्ट, लातेहार पुलिस को ऐसे मिली कामयाबी

लातेहार के एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लातेहार संतोष कुमार मिश्र के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया. छापेमारी दल ने नरेशगढ़ के कमलेश्वर सिंह उर्फ गुरु जी के घर की घेराबंदी कर छापेमारी की.
लातेहार, चंद्रप्रकाश सिंह: झारखंड की लातेहार पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन जेजेएमपी के दो उग्रवादियों एवं एक सक्रिय समर्थक को गिरफ्तार किया है. एसपी अंजनी अंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उनकी गिरफ्तारी की गयी. सोमवार को उन्हें जेल भेज दिया गया. पुलिस अधीक्षक ने पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 24 दिसंबर की रात्रि उन्हें सूचना मिली कि सदर थाना के नरेशगढ़ ग्राम में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के सक्रिय समर्थक कमलेवर सिंह उर्फ गुरु जी के घर में उग्रवादी संगठन के पप्पू लोहरा व सब जोनल कमांडर लवलेश गंझू अपने हथियार बंद दस्ता के सदस्य जितेन्द्र सिंह उर्फ बजरंगी जी, प्रभात जी, सुरज कुमार लोहरा उर्फ सर्वनाश जी व अनिल लोहरा आदि के साथ रूका है. वह वहां स्थानीय संवेदक व ठेकेदारों से लेवी वसूलने एवं लेवी नहीं देने वालों पर फौजी कार्रवाई करने की योजना बना रहा है. इसी के आलोक में टीम का गठन कर कार्रवाई की गयी.
सूचना के सत्यापन के बाद टीम का गठन
एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लातेहार संतोष कुमार मिश्र के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया. छापेमारी दल ने नरेशगढ़ के कमलेश्वर सिंह उर्फ गुरु जी के घर की घेराबंदी कर छापेमारी की. पुलिस को आते देख पप्पू लोहरा व अन्य वहां से भागने में सफल रहे, जबकि पुलिस ने जेजेएमपी के सशस्त्र दस्ता सदस्य सूरज लोहरा उर्फ सर्वनाश जी (हिसरी, चंदवा), अनिल लोहरा (कोने, लातेहार) व सक्रिय समर्थक सह घर का मालिक कमलेश्वर सिंह उर्फ गुरु (नरेशगढ़, लातेहार) को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की. इस संबंध में लातेहार थाना कांड संख्या 264/2023 भादवि की धारा 147/148/149/171/385/387/120 बी, 25 (1-B) ए/26/35 आर्म्स एक्ट एवं 17 सीएलए एक्ट के तहत जेजेएमपी सुप्रीमो पप्पू लोहरा समेत अन्य पर दर्ज किया गया है. एसपी ने बताया कि सूरज कुमार लोहरा उर्फ सर्वनाश जी पर चंदवा थाने में दो मामले दर्ज हैं.
Also Read: Jharkhand Tourist Places: झारखंड की ऐसी नदी, जिसमें नहाने से दूर हो जाते हैं चर्म रोग
बरामद सामग्रियां
पुलिस ने गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से कई हथियार व अन्य सामान बरामद किए हैं. पुलिस ने उनके पास से एक मैग्जीन लगी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, 11 मोबाइल, वॉकी-टॉकी, वर्दी, पिठू, आधार कार्ड, राउटर व सिम के अलावा दो बाइक व एक उजले रंग की बोलेरो (जेएच03 एफ-1754) बरामद की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




