सीसीएल कर्मी की सड़क हादसे में मौत, दो अन्य घायल

Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 19 May 2026 9:09 PM

विज्ञापन

सीसीएल कर्मी की सड़क हादसे में मौत, दो अन्य घायल

विज्ञापन

बालूमाथ़ बालूमाथ-खलारी मुख्य मार्ग पर बालूमाथ थाना क्षेत्र के रामघाट नदी के समीप सोमवार देर रात करीब 10 बजे बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गयी. इस भीषण हादसे में एक सीसीएल कर्मी की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. मृतक की पहचान मुनेश्वर गंझू (40 वर्ष, पिता बलकु गंझू, निवासी ग्राम बसिया, बालूमाथ) के रूप में हुई है. वह सीसीएल के रोहिणी खदान (एनके एरिया खलारी) में ऑटो इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत थे. सीसीएल द्वारा क्वार्टर उपलब्ध नहीं कराये जाने के कारण वे प्रतिदिन घर से ही ड्यूटी आना-जाना करते थे. सोमवार की रात भी वे बाइक से ड्यूटी के लिए निकले थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही अनियंत्रित स्कूटी ने उनकी बाइक में जोरदार धक्का मार दिया. दुर्घटना में स्कूटी सवार विकास कुमार (28 वर्ष, पिता चरकु, निवासी भगिया, बालूमाथ) और मनीष टाना भगत (25 वर्ष, पिता लावा टाना भगत, निवासी बहेरा, चतरा) घायल हो गये. दोनों को इलाज के लिए बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. परिजनों व ग्रामीणों ने किया सड़क जाम : इधर, हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने रात करीब 11 बजे बालूमाथ-खलारी मुख्य पथ को जाम कर दिया. सूचना मिलने पर तेतरियाखाड़ पिकेट प्रभारी संतोष कुमार और बालूमाथ थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद समझा-बुझाकर रात एक बजे जाम हटवाया. पुलिस ने शव को मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गयी है. मुनेश्वर गंझू अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गये हैं.

विज्ञापन
SHAILESH AMBASHTHA

लेखक के बारे में

By SHAILESH AMBASHTHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola