लातेहार: लापता बच्चों की तलाश में गई पुलिस टीम पर पथराव, 2 पुलिसकर्मी घायल

टूटा वाहन का शीशा. | Prabhat Khabar Network
लातेहार के चंदवा में लापता बच्चे की जांच करने गई पुलिस टीम पर हमला, पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल और वाहन क्षतिग्रस्त। मुख्य आरोपी महिला गिरफ्तार।
प्रतिनिधि, चंदवा (लातेहार) : चंदवा थाना क्षेत्र में देवनद नदी के समीप शुक्रवार रात नाबालिग बच्चे की गुमशुदगी की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया. इस घटना में पुलिस वाहन का शीशा टूट गया, जबकि एक पुलिस अवर निरीक्षक और एक महिला कांस्टेबल घायल हो गये. इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि चंदवा थाना कांड संख्या 133/26 के तहत बांध टोली, बरवाडीह के नाबालिग राजकुमार उरांव (13, पिता स्व चेरवा उरांव) की गुमशुदगी का मामला उसकी मां शीला देवी ने दर्ज कराया था.
बच्चे की मां के साथ भी हुई थी मारपीट
प्राथमिक जांच में पता चला कि बच्चे को एक होटल संचालिका मुनिया देवी अपने साथ चंदवा लाकर होटल में काम करा रही है. जब बच्चे की मां अपने पुत्र से मिलने होटल पहुंची थी तो वह वहां नहीं मिला. आरोप है कि बच्चे के संबंध में पूछताछ करने पर मुनिया देवी ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की. इसके बाद शीला देवी ने चंदवा थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी थी. इसी मामले की जांच के लिए शुक्रवार की शाम पुलिस मुनिया देवी के होटल पहुंची थी.
अचानक पथराव कर दिया आरोपियों ने
आरोप है कि पूछताछ के दौरान मुनिया देवी, उसके बेटों और चार-पांच अन्य लोगों ने पुलिस टीम पर अचानक पथराव कर दिया. हमले में पुलिस अवर निरीक्षक पूरन कुमार सिंह व महिला कांस्टेबल घायल हो गये. इन लोगों ने पुलिस वाहन का शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुनिया देवी को गिरफ्तार कर लिया.
वहीं सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने व अन्य संबंधित धाराओं के तहत चंदवा थाना कांड संख्या 134/26 दर्ज कर उसे लातेहार जेल भेज दिया. थाना प्रभारी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. वहीं, गुमशुदा नाबालिग राजकुमार उरांव की तलाश भी पुलिस कर रही है. पुलिस ने कहा कि दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










