कोलियरी में गोलीबारी, एक की मौत
Updated at : 14 May 2015 1:57 AM (IST)
विज्ञापन

बालूमाथ (लातेहार) : सीसीएल की तेतरियाखाड़ कोलियरी में मंगलवार की रात नौ बजे गोलीबारी में टमटमटोला निवासी गणोश साव की मौत हो गयी. उसे पेट में गोली लगी थी. बालूमाथ अस्पताल से रिम्स ले जाने के क्रम में उसने दम तोड़ दिया. 10-15 की संख्या में आये बंदूकधारियों ने कांटा बाबू नंदन गिरी, प्रदीप यादव, […]
विज्ञापन
बालूमाथ (लातेहार) : सीसीएल की तेतरियाखाड़ कोलियरी में मंगलवार की रात नौ बजे गोलीबारी में टमटमटोला निवासी गणोश साव की मौत हो गयी. उसे पेट में गोली लगी थी. बालूमाथ अस्पताल से रिम्स ले जाने के क्रम में उसने दम तोड़ दिया.
10-15 की संख्या में आये बंदूकधारियों ने कांटा बाबू नंदन गिरी, प्रदीप यादव, सुरेश यादव, रवि यादव, पाली यादव, सत्येंद्र राम, संतोष यादव, बड़कू महतो की डंडे से पिटाई कर दी. सभी गंभीर रूप से घायल हो गये.
दहशत से बंद हो गयी कोलियरी : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुराना कांटा घर में वाहनों का कांटा किया जा रहा था. इसी बीच वरदी में आये बंदूकधारियों ने धावा बोला. गोलीबारी शुरू कर दी.
कांटा घर में घुस कर फर्नीचर समेत कई सामान क्षतिग्रस्त कर दिया. गोलीबारी से कांटा घर में अफरा-तफरी मच गयी. कोलियरी परिसर में मौजूद सैकड़ों चालक, लिफ्टर, डीओ होल्डर भाग निकले. दहशत से कोलियरी बंद हो गयी. सूचना पाकर बालूमाथ पुलिस इंस्पेक्टर बीपी महतो व थाना प्रभारी अजय कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. तब तक बंदूकधारी भाग चुके थे. अब तक किसी संगठन ने घटना की जिम्मेवारी नहीं ली है.
विरोध में रांची-चतरा मार्ग जाम : घटना के विरोध में बुधवार को टमटमटोला के समीप ग्रामीणों ने सुबह छह बजे से 10 बजे तक रांची-चतरा (एनएच-99) मुख्य पथ जाम कर दिया. दुकानें बंद रही.
ये लोग गणोश साव के परिजन को सरकारी नौकरी, 50 लाख मुआवजा, दाह संस्कार हेतु दो लाख नकद, बच्चों की सरकारी सुविधा के तहत शिक्षा की व्यवस्था की मांग कर रहे थे. बीडीओ अजरुन राम, तेतरियाखाड़ के मैनेजर एसके सिंह पहुंचे. सरकार द्वारा मिलनेवाली सुविधाएं देने का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया. जाम स्थल पर गणोश साव की पत्नी सुकुना देवी ने कहा : मेरे पति ने किसी का कुछ नहीं बिगाड़ा था, तो उन्हें गोली क्यों मारी. थाना प्रभारी अजय कुमार ने कहा कि इस घटना को पीएलएफआइ या जेजेएमपी उग्रवादी संगठन ने अंजाम दिया है. जांच की जा रही है.
कांटा बंद कर भागा कांटा बाबू : तेतरियाखाड़ कोलियरी में दो कांटा घर है. पुराने कांटा घर में रात नौ बजे तक नंदन गिरी द्वारा वाहनों का कांटा कराया जा रहा था. वहीं नये कांटा घर का कांटा बाबू शाम पांच बजे ही कांटा बंद कर चले गये थे. ट्रक चालकों ने बताया कि कांटा में ट्रक खड़ा छोड़ कर ही भोला सिंह का भागना इस बात का संदेह जताता है कि उसे घटना की पूर्व सूचना थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




