डुमरी पावर सब स्टेशन पर हंगामा, सड़क जाम की चेतावनी
Published by : DEEPESH KUMAR Updated At : 25 May 2026 9:52 PM
हंटरगंज प्रखंड में बिजली संकट पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
हंटरगंज प्रखंड में बिजली संकट पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा हंटरगंज. प्रखंड में बिजली की लचर व्यवस्था से लोग परेशान है. 24 घंटे में मात्र तीन से चार घंटे ही बिजली दी जा रही है, उसमें भी कई बार काटा जा रहा है. लो वोल्टेज की समस्या बरकरार है. इसे लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को डुमरी पावर सब स्टेशन के पास बिजली विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा किया. साथ ही नियमित रूप से प्रखंड में बिजली आपूर्ति की मांग की. बताया कि पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से काफी परेशानी हो रही है. प्रखंड में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास है. रातभर बिजली काट दी जाती है, जिसके कारण लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है. नियमित बिजली नहीं मिलने से बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है. घरों में गर्मी से बचाव के लिए लगाये गये इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बेकार साबित हो रहे हैं. नियमित बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर लोग पूर्व में कई बार आंदोलन कर चुके हैं, लेकिन अब तक सुधार नहीं हो पाया है. इइ के जवाब से उग्र हुए ग्रामीण : पावर सब स्टेशन में हंगामा के दौरान ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता राकेश कुमार सिंह को फोन कर बिजली कटौती के बारे में पूछताछ की. इस पर कार्यपालक अभियंता ने कहा कि जिस तरह से प्रखंड में बिजली मिल रही है, उसी तरह से मिलेगी. यह बात सुन ग्रामीण और आक्रोशित हो गये. ग्रामीणों ने कहा कि अगर शीघ्र बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो वे एनएच 22 जाम करने को मजबूर होंगे और इसकी जिम्मेवारी विभाग की होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










