अनियंत्रित ट्रक ने दो दुकानों को किया ध्वस्त, एक व्यक्ति गंभीर
दुकानदार को हुआ नुक़सान. | Prabhat Khabar Network
कोडरमा घाटी के दिबौर में सीमेंट लदे ट्रक ने दो दुकानों को टक्कर मारी, हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल। प्रशासन से मुआवजे की मांग की गई है।
कोडरमा बाजार: कोडरमा थाना क्षेत्र के रांची-पटना मुख्य मार्ग स्थित कोडरमा घाटी के दिबौर में शनिवार की सुबह सीमेंट लदे एक अनियंत्रित ट्रक ने दूसरे ट्रक को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे स्थित दो दुकानों को ध्वस्त कर दिया. हादसे में दुकान में सो रहे एक व्यक्ति का पैर टूट गया, जबकि ट्रक चालक को भी हल्की चोट लगी है.
दोनों घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. जानकारी के अनुसार सीमेंट लदा ट्रक कोडरमा से बिहार की ओर जा रहा था. दिबौर के समीप ढलान वाले स्थान पर पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित हो गया. इसके बाद ट्रक ने सामने से आ रहे एक अन्य ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी और सड़क किनारे बनी दो दुकानों में जा घुसा.
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों दुकानें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयीं. हादसे के समय दुकान में 40 वर्षीय कन्हाई सिंह सो रहे थे. ट्रक की टक्कर से दुकान की दीवार उनके पैर पर गिर गयी, जिससे उनका पैर टूट गया. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं ट्रक चालक मधुपुर निवासी सुखदेव महतो को भी चोट लगी है और उनका इलाज जारी है.
दुकानदारों के अनुसार हादसे में उनकी दुकान में रखा फ्रिज, काउंटर, रैक, खाद्य सामग्री समेत अन्य सामान नष्ट हो गया. दुकानदारों ने बताया कि उन्हें करीब तीन लाख रुपये और बगल की कारू साव की दुकान को करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है.
उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है. घटना की सूचना मिलने के बाद कोडरमा पुलिस और सड़क सुरक्षा टीम के कर्मी सागर गिरी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात व्यवस्था सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










