रेलवे का तांबा तार खरीदने-बेचने के आरोप में दो गिरफ्तार
Published by : DEEPESH KUMAR Updated At : 23 May 2026 9:50 PM
झंडा चौक स्थित बर्तन दुकान में हो रही थी चोरी के तार की खरीद-बिक्री
: झंडा चौक स्थित बर्तन दुकान में हो रही थी चोरी के तार की खरीद-बिक्री झुमरीतिलैया. आरपीएफ कोडरमा ने रेलवे का चोरी का तांबा तार खरीदने-बेचने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. इनकी पहचान 23 वर्षीय सोनू कुमार (पिता उपेंद्र प्रसाद, निवासी आजाद मोहल्ला इंदरवा चौक) व 28 वर्षीय विकास कुमार कसेरा (पिता दिलीप प्रसाद कसेरा, निवासी गुरुद्वारा रोड झुमरीतिलैया) के रूप में की गयी. आरपीएफ के अनुसार, साेनू तांबा का तार चोरी कर विकास के बर्तन की दुकान में बेचता था. इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि सूचना मिली कि झुमरीतिलैया शहर के झंडा चौक के पास सोनार गली में स्थित गौरव स्टील हाउस नाम के बर्तन की दुकान पर रेलवे से चुराये गये तांबा के तार की बिक्री किये जाने की तैयारी है. सूचना पर दुकान की निगरानी की जाने लगी. इस दौरान रेलवे के तांबा का तार को बेचते हुए सोनू कुमार को पकड़ा गया. वहीं सामान खरीदने वाले दुकानदार विकास से पूछताछ की गयी, तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया. कड़ाई से पूछताछ करने पर विकास ने बताया कि कभी-कभार ज्यादा मुनाफा कमाने के लालच में आकर चोरी का सामान खरीद लेता हूं. टीम ने मौके पर चोरी का तार बरामद किया और दोनों को गिरफ्तार कर लिया. दोनों के विरुद्ध आरपीएफ थाना में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










