कोडरमा से सीधे कोयला आपूर्ति का रास्ता साफ, वाई कनेक्शन से बचेगा समय

पूर्व-मध्य रेल और डीवीसी की उच्चस्तरीय बैठक में कोडरमा से जुड़ी बड़ी योजनाओं पर सहमति
नयी व्यवस्था के तहत कोडरमा से कोयला सीधे केटीपीएस पहुंचाया जायेगा़ कोडरमा. जिले के लिए ऊर्जा और विकास दोनों क्षेत्रों में नयी उपलब्धि होने वाली है़ पूर्व-मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह और दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) के चेयरमैन एस सुरेश कुमार की हाजीपुर मुख्यालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में कोडरमा से कोयला आपूर्ति से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिये गये हैं. बैठक में कोडरमा स्टेशन पर वाई कनेक्शन के निर्माण की स्वीकृति दी गयी है, जिससे अब रेल इंजनों को मोड़ने में लगने वाला दो-तीन घंटे का समय बचेगा. पहले जहां इंजन की दिशा बदलने में लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था, अब वाई कनेक्शन के जरिये सीधा इंजन को मोड़ा जा सकेगा़ इससे कोयले की आपूर्ति तेज होगी़ बताया जाता है कि नयी व्यवस्था के तहत कोडरमा से कोयला सीधे केटीपीएस (कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन) पहुंचाया जायेगा़ आम्रपाली, कुजू और लातेहार की खदानों से कोयला कोडरमा के ज़रिये झारखंड के बोकारो, चंद्रपुरा, कोडरमा और पश्चिम बंगाल के मेजिया व रघुनाथपुर स्थित डीवीसी प्लांटों तक आसानी से जा सकेगा़
डीपीआर हो रहा तैयार, शीघ्र शुरू होगा निर्माण
केटीपीएस के एक अधिकारी के अनुसार, वाई कनेक्शन का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा़ इसके लिये विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) रेलवे के साथ मिल कर बनायी जा रही है़ रेल ट्रैक बिछाने की लागत डीवीसी खुद वहन करेगा़ कोडरमा में वर्तमान में 1000 मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा है़ केटीपीएस फेज़-2 में 800×800 मेगावाट की दूसरी इकाई का काम शुरू होने वाला है़ इससे कोयले की आवश्यकता और बढ़ेगी, जिसे वाई कनेक्शन व्यवस्था पूरी दक्षता से पूरा करेगी़ बैठक में पूर्व-मध्य रेल के प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक डॉ मनोज सिंह, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक इंदू रानी दुबे, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रामाश्रय पांडेय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे़डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




