हंगामे की भेंट चढ़ी बोर्ड की बैठक, दो गुटों में बंटे पार्षद
Published by : DEEPESH KUMAR Updated At : 19 May 2026 8:21 PM
हंगामा बढ़ने पर पहुंची पुलिस, शांत कराया मामला
: हंगामा बढ़ने पर पहुंची पुलिस, शांत कराया मामला कोडरमा बाजार. नगर पंचायत बोर्ड कोडरमा की बैठक मंगलवार को हंगामे की भेंट चढ़ गयी. बोर्ड के सदस्यों में आपसी बहसबाजी और हंगामा को देखते हुए अध्यक्ष साजिद हुसैन लल्लू ने बैठक को स्थगित करने की घोषणा कर दी. उल्लेखनीय है कि मंगलवार को नगर पंचायत बोर्ड की बैठक अध्यक्ष साजिद हुसैन लल्लू की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. बैठक के दौरान ध्वजाधारी पहाड़ स्थित विवाह भवन, स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन समेत अन्य मुद्दों को लेकर आपस में ही बहस होने लगी, जो हंगामे का रूप ले लिया. इसके बाद स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अध्यक्ष ने बैठक को स्थगित करने की घोषणा कर दी. बोर्ड में एक बार निर्णय हो जाने के बाद उसे बदलना नियम संगत नहीं नगर पंचायत अध्यक्ष साजिद हुसैन लल्लू ने कहा कि बैठक के दौरान जिस तरह का हंगामा किया गया, वह गैरसंवैधानिक है. जनता ने हम सभी को चुन कर कोडरमा नगर पंचायत क्षेत्र के विकास की जिम्मेवारी दी है, ऐसे में बैठक में जनहित में निर्णय लेना चाहिए न कि विवाद करना चाहिए. उन्होंने कहा कि पूर्व की बैठक में बोर्ड द्वारा जो बहुमत से निर्णय लिया गया था, उस निर्णय को कुछ सदस्य बदलवाना चाह रहे हैं, जो न्यायसंगत नहीं है, इसी पर विवाद हो गया. हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया. आपसी हंगामे के कारण बैठक स्थगित हुई : नगर प्रशासक घटना की जानकारी देते हुए नगर प्रशासक शंभु प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि बैठक के दौरान कुछ सदस्य ध्वजाधारी धाम स्थित विवाह भवन का पुनः टेंडर करवाने की मांग कर रहे थे. जबकि पूर्व की बैठक में निर्णय लिया गया था कि जो व्यक्ति पहले से उक्त भवन का संचालन कर रहा है, उसी को विवाह भवन देने का निर्णय बहुमत से पारित हुआ था. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा. साथ ही स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन के मुद्दे को लेकर भी कुछ सदस्यों के बीच बहस होने लगी. हंगामा बढ़ने पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बैठक को स्थगित कर दिया गया. बैठक से बाहर निकलने के बाद दो गुटों में पुनः बहस होने लगी. मामला बढ़ता देख एसडीपीओ को इसकी सूचना दी गयी, जिसके बाद थाना प्रभारी आये और दोनों पक्षों के साथ बैठक कर मामला शांत कराया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










