ePaper

आज सैलानियों से गुलजार रहेंगे पिकनिक स्पॉट

Updated at : 31 Dec 2025 7:07 PM (IST)
विज्ञापन
आज सैलानियों से गुलजार रहेंगे पिकनिक स्पॉट

जिले भर में नव वर्ष 2026 का रंगारंग आगाज गुरुवार को होगा

विज्ञापन

वरीय संवाददाता,

कोडरमा. जिले भर में नव वर्ष 2026 का रंगारंग आगाज गुरुवार को होगा. वैसे नव वर्ष के स्वागत में लोग एक दिन पूर्व से जुटे रहे, पर असली धमाल एक जनवरी को होगा. नव वर्ष के पहले दिन जिले के विभिन्न पिकनिक स्पॉट पर भी लोगों की भीड़ उमड़ने वाली है. ऐसे में जिला पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध के दावे किये हैं. डीसी-एसपी ने पदाधिकारियों को पूरी तरह निगरानी रखने, हुडदंगियों पर तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. जानकारी के अनुसार कोडरमा जिले में कई ऐसे पर्यटन स्थल हैं जो लोगों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं. हालांकि, इसमें सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र तिलैया डैम व उरवां के पास जवाहर घाट का किनारा रहता है़ नव वर्ष पर जश्न की बात हो या फिर अन्य मौका लोग यहां बोटिंग के साथ ही अन्य सुविधाओं का लाभ उठाने आते हैं. इसके अलावा झुमरीतिलैया से कुछ किलोमीटर दूर स्थित व़ंदाहा वाटर फॉल, सतगावां का पेट्रो जल प्रपात, मरकच्चो का पंचखेरो डैम आदि जगहों पर लोग हसीन प्राकृतिक वादियों का दीदार करने पहुंचते हैं. नए वर्ष के स्वागत में इन जगहों के अलावा कई अन्य स्थल हैं जहां लोग परिवार के साथ पिकनिक मनाने पहुंचेंगे. इधर, शहर के विभिन्न होटलों में रात के 12 बजते ही रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें युवाओं ने खूब मस्ती की.

तिलैया डैम : प्राकृतिक सौंदर्य का अनुपम नमूना, बोटिंग आकर्षण

बेमिसाल प्राकृतिक सौंदर्य का अनुपम नमूना तिलैया डैम है. कोडरमा जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर दक्षिण पूर्व एवं दामोदर नदी के उत्तरी छोर पर तिलैया डैम स्थित है. अविभाजित बिहार व बंगाल सरकार के संयुक्त प्रयास से वर्ष 1948 में इसका निर्माण किया गया था. इसके पीछे बंगाल को बाढ के भयंकर त्रासदी से बचाने, बिजली उत्पादन केंद्र खोलने व सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने का उद्देश्य था. डैम के बीच एक पिकनिक स्पॉट चेचरो पार्क स्थित है. एक समय था जब टापू नुमा चेचरो पार्क की सुंदरता पर्यटकों को अनायस आकर्षित करती थी, लेकिन हाल के वर्षों में यहां की तस्वीर बदरंग हो गई है़ दूसरी ओर तिलैया डैम व उरवां के पास सुविधाओं में जरूर इजाफा हुआ है़ पर्यटक यहां मोटर बोट व अन्य चीजों का आनंद उठाते हैं. डैम के किनारे जवाहर घाट उरवां के पास हाल में शुरू हुआ फ्लोटिंग रेस्टोरेंट बोट भी लोगों को आकर्षित कर रहा है. लोग यहां एडवेंचर के साथ पार्क का भी आनंद लेने पहुंच रहे हैं.

पेट्रो जल प्रपात : सबसे ऊंची महावत पहाड़ के शिखर से गिरती है पावन सलीला

जिले के सुदूरवर्ती सतगावां प्रखंड मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर व जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर घनघोर जंगल में पेट्रो जल प्रपात स्थित है. जिले के सबसे ऊंची महावत पहाड़ के शिखर से अनोखी शैल श्रृखंलाओं के बीच से पावन सलीला गिरती है जो तकरीबन 500 फीट लंबी है. पहाड़ की चोटी से तलहटी तक निर्मित कई कुंड हैं. इनमें से छह कुंड काफी बड़े हैं, जिसमें अथाह निर्मल मीठा जल संग्रहित है. यहां प्रतिवर्ष लोग पिकनिक मनाने दूर-दराज क्षेत्रों से आते हैं और प्रकृति के अनूठे रूप का आनंद लेते हैं. यहां विंध्यवासिनी देवी की पूजा अर्चना की जाती है. इस दर्शनीय स्थल में जंगली जानवर भी देखे जा सकते हैं.

वृंदाहा वाटर फॉल : रोमांचक रास्ते का सफर तय कर लें मनोरम दृश्य का मजा

झुमरीतिलैया शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर सुदूर जंगली क्षेत्र स्थित जरगा पंचायत में है वृंदाहा वाटर फॉल. यह प्राकृतिक स्वच्छ पानी की जल धारा पहाड़ व झाड़ियों का विहंगम दृ²श्य के साथ किसी को भी सहज ढंग से आकर्षित करती है. यहां तक पहुंचने के लिए अपने निजी वाहन का ही सहारा लेना पड़ता है़ बावजूद इस जगह पर बड़ी संख्या में लोग पिकनिक मनाने व प्रकृति का आनंद लेने पहुंचते हैं. यहां पहाड़ों व जंगलों के बीच से निकलते हुए चट्टान से टकरा कर कई फीट नीचे गिरने वाला पानी लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बना रहता है. लोग झरने से गिरने वाले पानी के मनोरम दृ²श्य का आनंद उठाना नहीं भूलते हैं. लोग बताते हैं कि यह झरना बहुत पुराना है. पहले यहां तक पहुंचने का कोई साधन नहीं था, लेकिन अब इस इलाके में सड़क बन जाने से यहां पहुंचना संभव हो पाया हैं. पहाड़ों के बीच से होते हुए रोमांचक रास्ते से आकर इस मनोरम ²दृश्य का आनंद उठाने के बाद सभी को खुशी महसूस होती है.

पंचखेरो जलाशय : पाकृतिक सुंदरता के बीच लें मोटर बोट का आनंद

मरकच्चो प्रखंड का पंचखेरो जलाशय सबसे बड़ा और मशहूर जलाशय में शुमार हो चुका है़ प्रखंड मुख्यालय से महज एक किमी व जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर की दूरी पर यह स्थित है़ चारों तरफ जंगल और पठारों से घिरे रहने के कारण इसकी प्राकृतिक सुंदरता और निखरती है़ इन दिनों जलाशय में विदेशी पक्षियों का आना भी शुरू हो गया है, जो जलाशय की खूबसूरती को और चार चांद लगा रहा है़ वर्तमान में जलाशय में मत्सय विभाग द्वारा विस्थापित परिवारों के लिए मत्सय पालन की व्यवस्था की गई है़ वहीं मत्सय विभाग द्वारा ही समितियों को तीन मोटर बोट भी उपलब्ध कराए गए हैं यहां घूमने आने वाले लोग उक्त मोटर बोट से डैम का भ्रमण करते हैं.

मंदिरों में भी उमड़ेगी भीड़

नव वर्ष पर पिकनिक स्पॉट के साथ जिले के विभिन्न मंदिरों में भी लोगों की भीड़ उमड़ेगी. नव वर्ष के पहले दिन लोग पूजा अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लेंगे. जिले के प्रमुख मंदिरों में कोडरमा स्थित ध्वजाधारी धाम, नवलशाही के पास स्थित मां चंचला धाम, चंदवारा को दोमुहानी पुतो मंदिर, सतगावां का घोड़सीमर धाम, झुमरीतिलैया का झरनाकुंड आदि शामिल हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
VIKASH NATH

लेखक के बारे में

By VIKASH NATH

VIKASH NATH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola