68 मतदान केंद्रों पर व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा है झुमरीतिलैया प्रशासन
Published by : VIKASH NATH Updated At : 19 Feb 2026 7:43 PM
शहर में लोकतंत्र के महापर्व को लेकर प्रशासन पूरी तैयारियों में जुटा है
प्रतिनिधि, झुमरीतिलैया शहर में लोकतंत्र के महापर्व को लेकर प्रशासन पूरी तैयारियों में जुटा है. मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर प्रशासन द्वारा 68 मतदान केंद्रों को सभी मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है. नगर प्रशासक अंकित गुप्ता के नेतृत्व में सभी मतदान केंद्रों पर पानी, बिजली, टेबल, कुर्सी तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है. जिन विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य स्थानों पर मतदान केंद्र संचालित होंगे, वहां विशेष रूप से स्वच्छता अभियान चलाया गया है ताकि कहीं भी गंदगी न रहे. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 20 तारीख तक सभी कार्य पूर्ण कर लिये जायेंगे. दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विशेष प्रबंध किये गये हैं. जहां-जहां दिव्यांग मतदाता चिन्हित किये गये हैं, वहां रैंप का निर्माण कर दिया गया है व व्हीलचेयर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है. जिन मतदान केंद्रों पर नल या चापाकल की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां नगर परिषद द्वारा पानी की टंकी उपलब्ध करायी जायेगी. साथ ही सभी 68 मतदान केंद्रों पर सूचना पट्ट लगाये जा रहे हैं, जिनमें बीएलओ का नाम, दूरभाष संख्या, मतदान केंद्र संख्या तथा कुल मतदाताओं की संख्या अंकित की जा रही है, ताकि मतदाताओं को स्पष्ट जानकारी मिल सके. गांधी विद्यालय परिसर एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहा है, जहां वार्ड संख्या 25 के लिए भवन में तीन मतदान केंद्र पूर्व से संचालित होते रहे हैं. इसी परिसर में अब वार्ड संख्या 23 के लिए भी चलंत मतदान केंद्र बनाया जा रहा है. इस केंद्र को शामियाना से इस प्रकार घेरा जायेगा कि वह एक भवन जैसा प्रतीत हो. वार्ड 23 में एक भी सामुदायिक भवन या विद्यालय नहीं होने के कारण यह विशेष व्यवस्था की जा रही है. पूर्व में वार्ड 23 का मतदान केंद्र चित्रगुप्त नगर में बनाया जाता था. सभी व्यवस्थाओं का आकलन नगर प्रशासक अंकित गुप्ता के नेतृत्व में किया जा रहा है, ताकि मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो. निरीक्षण के क्रम में नगर प्रबंधक लेमांशु कुमार तथा रंधीर कुमार मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










