कोडरमा में विधानसभा सामान्य प्रयोजन समिति की बैठक, योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए गए निर्देश
बैठक में विधायक डॉ नीरा यादव व अन्य : प्रभात खबर
कोडरमा विधायक डॉ नीरा यादव ने परिसदन भवन में अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं और विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की.
कोडरमा : झारखंड विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति की सभापति सह कोडरमा विधायक डॉ नीरा यादव ने सोमवार को परिसदन भवन में अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. इस दौरान पेयजल एवं स्वच्छता, भवन, लघु सिंचाई, शिक्षा, नियोजन, सामाजिक सुरक्षा, परिवहन, पशुपालन और मनरेगा समेत अन्य विभागों के कार्यों की जानकारी ली गयी.
सभापति ने योजनाओं की अलग-अलग सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया
सभापति ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता को जिले में चालू और बंद जलापूर्ति योजनाओं की अलग-अलग सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने योजनाओं के निर्माण में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा. पथ निर्माण विभाग को सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सिविल सर्जन को सदर अस्पताल समेत सभी स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. शिक्षा विभाग की समीक्षा में डीइओ को प्लस टू विद्यालयों का नियमित भ्रमण कर कमियों को दूर कराने को कहा गया.
लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया गया
दाखिल-खारिज के लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया गया. जिला परिवहन पदाधिकारी को नियमित वाहन जांच, शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार के मामलों में कार्रवाई तथा सड़कों पर साइनेज लगाने का निर्देश दिया गया. बैठक में समिति के सदस्य सुरेश कुमार बैठा, रौशन लाल चौधरी समेत कई अधिकारी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: जमशेदपुर की जल जीवनरेखा डिमना झील को मिली राष्ट्रीय पहचान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









