Koderma Crime: एक रात, तीन घर और लाखों की चोरी… चोरों ने तोड़े ताले, जेवरात लेकर फरार
चोरों द्वारा तोड़ा गया आलमीरा़ | Prabhat Khabar Network
कोडरमा थाना क्षेत्र के दूधिमाटी में चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया। लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी होने की खबर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कोडरमा बाजार: कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत दूधिमाटी में सोमवार की रात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया. चोरों ने नंद किशोर यादव व उपेंद्र सिंह के बंद घर तथा राम प्रताप सिंह के घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया. नंद किशोर यादव ने बताया कि सोमवार की रात घर का ताला तोड़ कर चोर अंदर घुसे. इसके बाद कमरे में रखे गोदरेज को तोड़कर उसमें रखे 10 से 15 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर ली. इसके अलावा घर से 10 से 20 हजार रुपये नकद भी चोरी होने की बात बतायी गयी है.
उन्होंने बताया कि चोरों ने राम प्रताप सिंह के घर से करीब पांच हजार रुपये की चोरी की. वहीं, उपेंद्र सिंह के बंद घर में भी चोरी की घटना हुई है. घटना की सूचना मिलने पर कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार दलबल के साथ पहुंचे और मामले की जांच की. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.
फिलहाल गृहस्वामियों की ओर से थाना में आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलने के बाद ही चोरी गयी संपत्ति का सही आकलन हो सकेगा. उन्होंने बताया कि एक बंद घर में भी चोरी की जानकारी मिली है. उक्त घर के सभी सदस्य दिल्ली में रहते हैं. उनसे संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









