कोडरमा में Facebook Live पर युवक ने उठाया खतरनाक कदम, परिजनों ने समय रहते बचाई जान
फेसबुक लाइव कर इस तरह परेशानी बता रहा था सदानंद यादव़ | Prabhat Khabar Network
जयनगर में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने फेसबुक लाइव कर आत्महत्या की कोशिश की। परिजनों की तत्परता से युवक की जान बच गई, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोडरमा: कोडरमा के जयनगर थाना क्षेत्र के सतडीहा निवासी सदानंद यादव ने मंगलवार को फेसबुक पर लाइव आकर आत्महत्या का प्रयास किया. हालांकि परिजनों की तत्परता से उसकी जान बच गयी. परिजन उसकी लाइव वीडियो देख रहे थे और लगातार उसे ऐसा कदम नहीं उठाने के लिए समझा रहे थे. सदानंद कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था. काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ कर उसे बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
चिकित्सकों ने उसे खतरे से बाहर बताया. जानकारी के अनुसार, सदानंद पिछले एक वर्ष से पारिवारिक विवाद को लेकर परेशान था. पैतृक घर के बंटवारे को लेकर उसका भाई परमसांद यादव से विवाद चल रहा है. सदानंद ने भाई पर लगातार परेशान करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. फेसबुक लाइव के दौरान भी उसने अपनी परेशानी का जिक्र किया.
उसका आरोप है कि कुछ बाहरी लोग मामले में हस्तक्षेप कर विवाद बढ़ा रहे हैं. घटना की सूचना पर थाना प्रभारी विकास कुमार और एसआई शमसुद्दीन खान मौके पर पहुंचे और सदानंद का हालचाल जाना. थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









