भारी बारिश का रेल परिचालन पर पड़ा असर
Published by : DEEPESH KUMAR Updated At : 29 May 2026 10:19 PM
घाट सेक्शन में इंजन हुए फेल, बैंकर लगाना पड़ा
घाट सेक्शन में इंजन हुए फेल, बैंकर लगाना पड़ा कोडरमा. क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह हुई मूसलाधार बारिश का असर रेल परिचालन पर भी दिखा. भारी बारिश के बीच नयी दिल्ली-हावड़ा ग्रैंड कॉर्ड रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन चरमरा गयी. कोडरमा-गया रेलखंड के गुरपा-गंझडी के बीच घाट सेक्शन में तकनीकी खराबी और हादसों के कारण अप व डाउन दोनों लाइन पर ट्रेनों के पहिए कुछ देर के लिए थम गये. इस वजह से वंदे भारत, सियालदह अजमेर और जनशताब्दी जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर तीन घंटे से अधिक समय तक खड़ी रही. जानकारी के अनुसार, घाट सेक्शन के बसकटवां और नाथगंज के बीच (पोल संख्या 413/44) सुबह करीब 8:30 बजे दिल्ली से हावड़ा जा रही 12260 दुरंतो एक्सप्रेस का इंजन अचानक फेल हो गया़ इसके बाद गंझड़ी स्टेशन से एक बैंकर (अतिरिक्त इंजन) भेजकर ट्रेन को सुबह 10:30 बजे कोडरमा स्टेशन लाया गया़ विभागीय कर्मियों द्वारा काफी प्रयास के बाद भी जब 11:30 बजे तक खराबी का पता नहीं चला, तो अंततः बैंकर इंजन के सहारे ही ट्रेन को धनबाद की ओर रवाना किया गया़ दुरंतो एक्सप्रेस इस दौरान करीब 70 मिनट तक ट्रैक पर ही खड़ी रही़ इसी दौरान घाट सेक्शन में एक और घटना हुई़ यहां एक लोड दुर्गापुर मालगाड़ी का इंजन भी फेल हो गया़ इसे भी दूसरा बैंकर इंजन लगाकर किसी तरह गंझड़ी स्टेशन लाया गया़ दो-दो इंजनों की खराबी के कारण डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया़ इस कारण अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस सुबह 8:30 बजे से ही गुरपा स्टेशन पर खड़ी रही़ वहीं पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस टनकुप्पा स्टेशन पर खड़ी रही़ पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस (वाया कोडरमा-गोमो-बोकारो) पहाड़पुर स्टेशन पर रुकी रही़ इसके अलावा कई अन्य मेल व मालगाड़ियों को गया जंक्शन और उसके आसपास के स्टेशनों पर एहतियातन रोक दिया गया़ अप लाइन पर दो भागों में बंटी मालगाड़ी : इधर, भारी बारिश के दौरान अप लाइन पर भी परिचालन ठप हो गया़ कोडरमा स्टेशन से खुलने के बाद बाढ़ स्पेशल मालगाड़ी कोडरमा और गंझड़ी के बीच अचानक दो भागों में बंट गयी. हादसा कपलिंग टूटने के कारण हुआ. इस घटना के बाद एक पैसेंजर ट्रेन सुबह 11:30 बजे से कोडरमा स्टेशन पर खड़ी रही और अप लाइन का यातायात भी पूरी तरह प्रभावित हो गया़ रेल सूत्रों के मुताबिक प्री-मानसून की पहली बारिश में ही रेल परिचालन ठप होने का यह पहला गंभीर मामला है़ इस 15 किलोमीटर लंबे घाट सेक्शन में 24 घंटे सतर्कता बरती जाती है़ भारी बारिश के कारण इस इलाके में पहाड़ों से लैंडस्लाइड की संभावना हमेशा बनी रहती है, जिसे देखते हुए रेल प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद होने का दावा करता है, पर परिचालन प्रभावित हुआ है़ इस पूरे मामले को लेकर रेलवे के अधिकारी स्पष्ट बताने से बचते रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










