अनियंत्रित हाइवा घरों में घुसा, उपचालक घायल

Updated at : 08 Dec 2017 1:47 PM (IST)
विज्ञापन
अनियंत्रित हाइवा घरों में घुसा, उपचालक घायल

मरकच्चो: नवलशाही थाना क्षेत्र के बरियारडीह-मरकच्चो मुख्य मार्ग पर डोंगोडीह में अनियंत्रित हाइवा गुरुवार की सुबह सड़क किनारे खड़े डंपर से टकराते हुए दो घरों में घुस गया. इस दौरान घर के अंदर सो रहे लोग बाल-बाल बचे. हादसे में हाइवा का उप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. पूरे मामले में लापरवाही सामने […]

विज्ञापन

मरकच्चो: नवलशाही थाना क्षेत्र के बरियारडीह-मरकच्चो मुख्य मार्ग पर डोंगोडीह में अनियंत्रित हाइवा गुरुवार की सुबह सड़क किनारे खड़े डंपर से टकराते हुए दो घरों में घुस गया. इस दौरान घर के अंदर सो रहे लोग बाल-बाल बचे. हादसे में हाइवा का उप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. पूरे मामले में लापरवाही सामने आयी है. बताया जाता है कि चालक की जगह उप चालक हाइवा चला रहा था. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को अपने कब्जे में ले लिया है. जब्त हाइवा डोमचांच का है.

जानकारी के अनुसार हाइवा (जेएच-12इ-9103) गुरुवार तड़के 4:30 बजे गिरिडीह जिले के किसी पत्थर खदान से बोल्डर लोड कर पहाड़पुर स्थित क्रशर पर जा रहा था. घटना के समय हाइवा को उपचालक 25 वर्षीय सुजीत मेहता (बेहराडीह) चला रहा था.


हादसे में हाइवा का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण उपचालक लगभग दो घंटे उसी में फंसा रहा. ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद जेसीबी मशीन की मदद से केबिन में फंसे उपचालक को बाहर निकाला. लोगों ने बताया कि हाइवा चालक प्रकाश मेहता की अचानक तबीयत खराब हो जाने के कारण वह बगल की सीट पर बैठा था, जबकि उप चालक खुद हाइवा चला रहा था. टक्कर के दौरान लाटो साव व महादेव साव के घर को भी हाइवा ने अपने चपेट में ले लिया, जिससे उनका घर क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के समय उक्त दोनों परिवार के लोग घर में सो रहे थे. घटना की खबर पाकर सअनि सत्यदेव सिंह, भूदेव कुमार राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे व पूरे घटना की जानकारी ली. गंभीर रूप से घायल उपचालक को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है. ज्ञात हो कि जिले के अंदर लापरवाही के कारण आये दिन हादसे हो रहे हैं.

खासकर बड़े वाहनों से हो रहे हादसे लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है. पत्थर लदे वाहनों को अक्सर चालक की जगह उप चालक चलाते नजर आते हैं. यही कारण है कि कम जानकारी होने के कारण उप चालक ट्रक चलाने की सीख लेने के चक्कर में हादसे को अंजाम देते हैं.

सड़क हादसे में चार घायल, तीन की हालत गंभीर
कोडरमा बाजार. थाना क्षेत्र अंतर्गत दो अलग-अलग जगहों पर हुई सड़क दुर्घटना में चार लोग घायल हो गये. इसमें से तीन की हालत गंभीर बतायी जाती है. जानकारी के मुताबिक बागीटांड़ के समीप हुई मोटरसाइकिल दुर्घटना में 25 वर्षीय सूरज कुमार (सहाना रोड), 23 वर्षीय गुड्डू कुमार (जयनगर रोड) व 22 वर्षीय विक्कू कुमार (खलखतम्बी) घायल हो गये. थाना प्रभारी आनंद मोहन सिंह ने तीनों घायलों को सदर अस्पताल भेजा. चिकित्सकों के मुताबिक तीनों की हालत गंभीर है. वहीं दूसरी घटना लोकाई के समीप हुई. यहां मोटरसाइकिल सवार उत्पाद विभाग कर्मी व झुमरीतिलैया निवासी कैलाश राम अनियंत्रित होकर गिर गये.उन्हें पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचाया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola