साढ़े तीन माह से लापता करण गया से बरामद
Published by : DEEPESH KUMAR Updated At : 23 Mar 2026 9:35 PM
पांच दिसंबर 2025 को तिलैया बस्ती से लापता हो गया था करण
पांच दिसंबर 2025 को तिलैया बस्ती से लापता हो गया था करण कोडरमा. तिलैया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर दो तिलैया बस्ती गीता क्लिनिक के पीछे से पांच दिसंबर 2025 को लापता हुए 11 वर्षीय करण कुमार (पिता स्व जितेंद्र साव) को पुलिस ने आखिरकार गया से सकुशल बरामद कर लिया है. बच्चे को सकुशल बरामद करने के बाद पुलिस उसे उसकी मां को सौंपने की प्रक्रिया में जुटी है. इस संबंध में एसपी अनुदीप सिंह ने सोमवार को बताया कि प्रियंका देवी ने 22 दिसंबर को तिलैया थाना में आवेदन देकर अपने पुत्र के लापता होने की जानकारी दी थी. प्रियंका देवी के अनुसार, करण ने घर से दो हजार रुपये ले लिया था, जिसके कारण उसे डांट फटकार लगायी गयी थी, जिससे नाराज होकर वह पांच दिसंबर को करीब 8.30 बजे घर से निकलकर कहीं चला गया. इसके बाद उसका पता नहीं चल पाया. आवेदन के आलोक में मामला दर्ज किया गया. एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में बच्चे की बरामदगी को लेकर विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने आसपास के रेलवे स्टेशन, बस स्टॉप, विभिन्न दुकानों व संभावित स्थानों पर जांच की तथा सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया. साथ ही आसपास के थानों, जीआरपी, सीडब्ल्यूसी को सूचित किया गया. इस बीच गत रात सूचना मिली कि लापता बच्चा करण कुमार को गया रेलवे स्टेशन पर देखा गया है. ऐसे में टीम गया रेलवे स्टेशन पहुंची व बच्चा को सकुशल बरामद कर लिया. एसपी के अनुसार, बच्चे की बरामदगी में टीम ने अच्छा कार्य किया है. ऐसे में टीम में शामिल सदस्यों का मनोबल बढ़ाने को लेकर पुलिस पदाधिकारी को दो-दो हजार व आरक्षियों को एक-एक हजार रुपये से पुरस्कृत किया जा रहा है. टीम में एसडीपीओ के अलावा तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार, अवर निरीक्षक रवि खेस व अन्य शामिल थे. मां ने प्रभात खबर कार्यालय पहुंच रखी थी पीड़ा : बता दें कि लापता करण की एक माह तक बरामदगी नहीं होने के बाद उसकी मां प्रियंका देवी 15 जनवरी 2026 को प्रभात खबर कार्यालय कोडरमा पहुंची थी और बेटे की बरामदगी को लेकर पुलिस से पुन: गुहार लगायी थी. उस समय रांची की अंश व अंशिका के अपहरण व सकुशल बरामदगी का मामला राज्य भर में चर्चा में था. प्रभात खबर ने हर बच्चा पहुंचे अपना घर अभियान चलाया था. इसी के तहत करण की मां की पीड़ा भी रखी गयी थी. अब करण की सकुशल बरामदगी होने पर मां खुश है. उन्होंने सभी का आभार जताया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










