नंदी बाबा की निकली शव यात्रा, उमड़ी लोगों की भीड़

Updated at : 03 Nov 2017 12:03 PM (IST)
विज्ञापन
नंदी बाबा की निकली शव यात्रा, उमड़ी लोगों की भीड़

झुमरीतिलैया: पशु क्रूरता रोकने व बेजुबान जीवों से प्यार करने का संदेश देने के उद्देश्य से गुरुवार को शहर में अलग पहल नजर आयी. शहर में लंबे समय से रह रहे सांड (नंदी बाबा) की मौत के बाद लोगों ने उसकी शव यात्रा निकाल अपनी आस्था के साथ ही सोच को जगजाहिर किया. तय कार्यक्रम […]

विज्ञापन
झुमरीतिलैया: पशु क्रूरता रोकने व बेजुबान जीवों से प्यार करने का संदेश देने के उद्देश्य से गुरुवार को शहर में अलग पहल नजर आयी. शहर में लंबे समय से रह रहे सांड (नंदी बाबा) की मौत के बाद लोगों ने उसकी शव यात्रा निकाल अपनी आस्था के साथ ही सोच को जगजाहिर किया. तय कार्यक्रम के तहत सुबह में अड्डी बंगला से नंदी बाबा (सांड) का शव यात्रा एक सुसज्जित वाहन में गाजे-बाजे के साथ निकाला गया. शव यात्रा अड्डी बंगला से निकल कर शहर के मुख्य मार्ग स्टेशन रोड, ओवरब्रिज, पानी टंकी रोड होते हुए गोशाला पहुंची.

गोशाला परिसर के पीछे नंदी बाबा को अंतिम दर्शन के बाद मिट्टी दिया गया. शव यात्रा में विभिन्न हिंदू संगठनों के साथ सैकड़ों लोग शामिल हुए. ज्ञात हो कि यह सांड शहर में काफी दिनों से मुख्य बाजार में इधर-उधर घूमा करता था. कुछ लोग उसे मिठाई खिलाते थे, तो कुछ फल इस प्रकार वह शहर के लोगों का चहेता बना हुआ था. इस दौरान एक सप्ताह पूर्व 25 अक्तूबर की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे बुरी तरह आंख सिर व पैर में मार कर घायल कर दिया.


26 अक्तूबर को सांड जब नंदी बाबा चौक पर पहुंचा, तो गंभीर रूप से घायल देख कर शहर के धार्मिक संगठन नंदी बाबा सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष उदय सिंह, राम संकीर्तन मंडल के अध्यक्ष मनोज साव, मुन्ना भदानी, छोटू कुमार, अली वारशी, सुरेश गुप्ता के साथ मुहल्ला वासियों द्वारा निजी डॉक्टर से इलाज कराया गया. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए गोशाला के एंबुलेंस से गोशाला ले जाया गया. आरोप है कि यहां डॉक्टर की लापरवाही के कारण सांड की मौत बुधवार को हो गयी. ऐसे में पशु क्रूरता पर रोक लगाने और बेजुबान पशुओं पर हमला बंद करने के उद्देश्य से विभिन्न संगठन के लोगों ने नंदी बाबा की शव यात्रा निकाल कर लोगों के बीच संदेश देने का प्रयास किया. शव यात्रा में विशाल भदानी, विनय धन्नू, जया देवी, बबिता गुप्ता, रितिक रोशन, शुभम गुप्ता, आलोक सरकार, विमल चटर्जी, अमिताभ सिंह, छोटू पांडेय, अभिषेक रंजन, लखन सिंह, गोपाल सिंह, रवि गुप्ता, राजेंद्र साव, रणधीर कुमार, पिंटू गुप्ता, ओम प्रकाश समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए.
2000 में चौक का हुआ था नामकरण
आज से 17 साल पूर्व दो मई 2000 में इस जगह पर एक नंदी बाबा की आकस्मिक मौत हो गयी थी. उनके नाम पर हटिया गली के पास एक चौक का नाम नंदी बाबा चौक रखा गया था. इसके बाद उसकी याद में एक ट्रस्ट बना जिसका नाम नंदी बाबा सेवा ट्रस्ट है, जो हर वर्ष सावन की चौथी सोमवारी को आयोजित होनेवाले कांवर पद यात्रा में भंडारा का आयोजन करता है.
शव यात्रा के साथ चल रही थी पुलिस
शव यात्रा सुबह में निकाले जाने की सूचना सोशल मीडिया पर पूरी तरह वायरल हुई. लोग दिन भर इस मामले पर चर्चा करते रहे. शव यात्रा को लेकर हिंदू संगठनों की तैयारी देख पुलिस प्रशासन भी चौकन्ना दिखा. इस मामले को कोई और रंग नहीं दे दिया जाये, इसको ध्यान में रखते हुए पुलिस की टीम शव यात्रा में साथ चल रही थी. हालांकि, लोगों ने पशु क्रूरता रोकने के लिए एक अलग संदेश देने का काम जरूर किया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola