सत्संग से मनुष्य का जीवन होता है निर्मल, गुरु की कृपा से मिलता है मोक्ष का मार्ग

Updated:
विज्ञापन

प्रवचन देते स्वामी | Prabhat Khabar Network

खूंटी के मुरहू में आयोजित सत्संग में स्वामी डॉ निर्मलानंदजी ने कहा कि सत्संग से मन निर्मल होता है और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है.

विज्ञापन

मुरहू (खूंटी): सावन माह के पावन अवसर पर मुरहू चौक स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर में स्थानीय सत्संगियों की ओर से विशेष सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ ईश्वर स्तुति एवं गुरु वंदना से हुआ. इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से रामचरितमानस का पाठ किया.

मुख्य वक्ता महर्षि मेंही आश्रम, कुप्पाघाट (भागलपुर) से पधारे स्वामी डॉ. निर्मलानंदजी महाराज ने मानव जीवन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सावन माह भगवान शिव की आराधना का सर्वोत्तम समय है. इस दौरान शिवभक्ति से मनुष्य को सदाचार, भक्ति और आत्मिक उन्नति की प्रेरणा मिलती है. उन्होंने कहा कि 84 लाख योनियों के बाद मनुष्य शरीर की प्राप्ति होती है और यही साधना तथा मोक्ष का द्वार है. यदि इस दुर्लभ अवसर का सदुपयोग नहीं किया गया तो जीवन का अमूल्य उद्देश्य अधूरा रह जाता है.

उन्होंने कहा कि सत्संग से मन निर्मल होता है तथा चिंता, भय और मोह से मुक्ति मिलती है. भगवान श्रीराम के प्रति हनुमानजी की अनन्य भक्ति का उदाहरण देते हुए उन्होंने भक्ति के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला. मौके पर शांति पुरी आश्रम के स्वामी लक्ष्मणजी महाराज ने कहा कि सत्संग का प्रभाव मनुष्य के जीवन को पूरी तरह बदल देता है. सत्संग से कर्कश स्वभाव वाला व्यक्ति भी मधुर और सद्गुणी बन जाता है. उन्होंने कहा कि डाकू रत्नाकर भी नारद मुनि के सत्संग के प्रभाव से महर्षि वाल्मीकि बने. अच्छी संगति ही मनुष्य को परमात्मा की सच्ची भक्ति और जीवन के कल्याण का मार्ग दिखाती है.

कार्यक्रम के संरक्षक डॉ. धर्मेंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि ईश्वर की कृपा के बिना संत और सत्संग की प्राप्ति संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि गुरु पर अटूट विश्वास रखने से सुख-समृद्धि और भगवत्कृपा प्राप्त होती है. माता शबरी, मीराबाई, ध्रुव और प्रह्लाद जैसे भक्तों ने भी गुरु की प्रेरणा से भगवान की प्राप्ति की. कार्यक्रम में संजय सत्संगी, राजकुमार, अमित गुप्ता, मिथिलेश गुप्ता, सूरजमल प्रसाद, संतोष गुप्ता, रामहरि साव, सुनील रजक, अजय गुप्ता, धर्मेंद्र ठाकुर सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया.


विज्ञापन
चंदन कुमार

लेखक के बारे में

By चंदन कुमार

चंदन कुमार ने करियर की शुरुआत 1996 में प्रभात खबर से की. ऑल इंडिया रेडियो, सहारा समय टीवी, इंडिया टुडे एवं राष्ट्रीय सहारा में कार्य अनुभव. यात्रा वृतांत,साहित्य, सामाजिक बदलाव एवं कानूनी मामले की खबरों में रुचि. वर्तमान में मधेपुरा से खबरों का संकलन करते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola