लंबित आवास योजनाओं को समय पर पूरा करेंः उपायुक्त
बैठक में उपायुक्त, उप विकास आयुक्त और अन्य अधिकारी | Prabhat Khabar Network
खूंटी के उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने समीक्षा बैठक में पीएम और अबुआ आवास समेत सभी लंबित सरकारी योजनाओं को समय पर पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया है.
खूंटी: समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास, पंचायती राज और जिला परिषद की योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई. इस दौरान उपायुक्त ने मनरेगा के तहत मानव दिवस सृजन, लंबित योजनाओं, ई-केवाईसी, मॉनिटरिंग ऐप पर रिपोर्टिंग और सामग्री मद के भुगतान में तेजी लाने का निर्देश दिया.
उन्होंने पीएम आवास, अबुआ आवास और आंबेडकर आवास योजना के लंबित आवासों को शीघ्र पूरा करने तथा पंचायत स्तर पर नियमित समीक्षा करने को कहा. उपायुक्त ने पंचायती राज विभाग को टाइड और अनटाइड फंड का पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करने तथा पंचायत भवनों के ज्ञान केंद्रों को मॉडल केंद्र के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया. बैठक में जल छाजन, सोलर लिफ्ट इरिगेशन, प्लांटेशन और अमृत सरोवर योजनाओं की भी समीक्षा की गई.
उन्होंने अड़की के बिरबांकी समेत पेयजल संकट वाले क्षेत्रों में सर्वे कर कूप निर्माण और पेयजल योजनाएं शुरू करने का निर्देश दिया. साथ ही जिला परिषद की योजनाओं को भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रमोद राम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए