झारखंड में अभी और गिरेगा पारा, ठंड से फिलहाल नहीं मिलेगी राहत

झारखंड में जारी है ठंड का असर
Jharkhand Weather Updates: झारखंड में अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिरने का अनुमान है. सुबह कुहासा और रात में ठंडी हवाएं ठंड बढ़ाएंगी. रांची, गुमला समेत कई जिलों में सर्दी का असर रहेगा. मौसम विभाग ने फिलहाल राहत की संभावना से इनकार किया है. नीचे पूरी खबर पढ़ें.
Jharkhand Weather Updates: झारखंड के मौसम में अगले दो दिनों तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद ठंड और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले तीन दिनों के भीतर राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है. सुबह के समय हल्का से मध्यम कुहासा छाया रहेगा, जबकि दिन में मौसम शुष्क बना रहेगा. पश्चिमी विक्षोभ के दोबारा सक्रिय होने से सुबह और रात के समय सर्द हवाएं चल सकती हैं, जिससे ठंड का असर बढ़ेगा.
तापमान में उतार-चढ़ाव के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार पूरे फरवरी माह में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा. दिन के तापमान में बहुत अधिक गिरावट नहीं होगी, लेकिन रात के तापमान में गिरावट से ठंड का एहसास बढ़ेगा. बुधवार को राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया. वहीं गुमला का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा. रांची का न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस और कांके का 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि साफ आसमान और शुष्क हवाओं के कारण रात का तापमान तेजी से नीचे जा सकता है.
उत्तर-पूर्वी झारखंड का हाल
उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं न्यूनतम तापमान 9 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. गिरिडीह में पांचवें दिन न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक गिरने की संभावना है. देवघर और धनबाद में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक पहुंच सकता है. इन इलाकों में सुबह हल्का कुहासा और दिन में साफ मौसम रहने की संभावना है.
चतरा-कोडरमा में बढ़ेगी सर्दी
कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू जैसे जिलों में रात का तापमान तेजी से गिर सकता है. यहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. पलामू और गढ़वा में अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, लेकिन रात में ठंड बढ़ेगी. मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में ठंडी हवाओं का असर ज्यादा रहेगा, जिससे सुबह और देर रात ठिठुरन महसूस हो सकती है.
मध्य झारखंड में कैसा रहेगा मौसम
बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची और खूंटी सहित मध्य झारखंड के जिलों में भी तापमान में गिरावट के संकेत हैं. रांची में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक जा सकता है. खूंटी में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है. गुमला में रात का तापमान 7 डिग्री तक पहुंच सकता है, जिससे ठंड का असर ज्यादा रहेगा.
दक्षिणी और पूर्वी झारखंड में स्थिति
पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला और सिमडेगा जिलों में दिन का तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहेगा. यहां अधिकतम तापमान 29 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. हालांकि न्यूनतम तापमान में गिरावट से सुबह और रात में ठंड बनी रहेगी. पश्चिमी सिंहभूम में अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री के बीच रहेगा. सिमडेगा में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक गिर सकता है.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग के 1 लाख स्कूली बच्चों फ्री में मिलेंगे स्कूल ड्रेस, 6.91 करोड़ आवंटित
ठंड से कब मिलेगी राहत
मौसम विभाग का अनुमान है कि फिलहाल ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है. अगले कुछ दिनों तक सुबह कुहासा और रात में ठंडी हवाएं चलती रहेंगी. खासकर ग्रामीण और खुले इलाकों में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जाएगा. विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सुबह-शाम सतर्क रहने की सलाह दी है. तापमान में गिरावट के साथ सर्दी-खांसी जैसी मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है. फिलहाल झारखंडवासियों को ठंड के इस दौर के लिए तैयार रहना होगा, क्योंकि फरवरी के शेष दिनों में भी मौसम का मिजाज बदलता रहेगा और पारा अभी और नीचे जा सकता है.
इसे भी पढ़ें: उत्तर भारत में बर्फबारी से कांप रहा झारखंड, तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




