बारुईपुर में बोले शुभेंदु अधिकारी- मॉब लिंचिंग नहीं, इंद्रजीत मंडल की हत्या हुई, परिवार को नियुक्ति पत्र और 25 लाख का चेक सौंपा

शुभेंदु अधिकारी.
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बारुईपुर में हुई इंद्रजीत मंडल की हत्या पर कहा कि यह भीड़ के द्वारा पीट-पीटकर की गयी हत्या (लिंचिंग) नहीं थी. पहचान सुनिश्चित करने के बाद उसे मारा गया. पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपए का चेक और बड़े भाई को नियुक्ति पत्र मुख्यमंत्री ने दिया.
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 11 वर्षीय लड़की का शव बरामद होने के बाद इंद्रजीत मंडल की हत्या को शनिवार को ‘लिंचिंग’ (भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या) मानने से इनकार करते हुए कहा कि ‘हत्या’ से पहले उसकी पहचान सुनिश्चित कर ली गयी थी. संबंधित मामले में दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या कर दी गयी थी और शव को बोरे में भरकर एक तालाब में फेंक दिया गया था. बच्ची का शव बरामद होने के कुछ घंटे बाद गुस्साये स्थानीय लोगों ने उसकी मौत में शामिल होने के संदेह में मंडल की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी.
इंद्रजीत के पिता को सीएम ने दिया 25 लाख का चेक
शुभेंदु अधिकारी ने पीट-पीटकर मारे गये व्यक्ति के परिजन को नियुक्ति पत्र और 25 लाख रुपए का चेक सौंपने के बाद शनिवार को यह टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि मंडल के बड़े भाई को नागरिक स्वयंसेवक के पद का नियुक्ति पत्र और उसके माता-पिता को 25 लाख रुपए का चेक सौंपा गया है.
मॉब लिंचिंग मामले में अब तक 5 गिरफ्तार : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने इससे पहले कहा था कि ऑटो रिक्शा चालक इंद्रजीत मंडल निर्दोष था. उसकी पीट-पीटकर हत्या करने में शामिल लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जायेगा. इस मामले में अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने कहा कि तस्वीरों या वीडियो फुटेज में जिन लोगों की पहचान की जा सकी है, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है.
ये भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी के दौरे से पहले बारुईपुर मॉब लिंचिंग मामले में 3 और गिरफ्तार
इंद्रजीत की मौत भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किये जाने के कारण नहीं हुई. उसकी हत्या से पहले उसकी पहचान सुनिश्चित कर ली गयी थी. हो सकता है कि चुनाव में जनता द्वारा नकारे गये लोगों ने हिंसा भड़कायी हो. इसके अलावा, मैं कट्टरपंथी सांप्रदायिक ताकतों की मौजूदगी की संभावना से भी इनकार नहीं कर रहा हूं. जांच से सच्चाई सामने आयेगी और इसमें शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. - शुभेंदु अधिकारी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल
मुख्यमंत्री ने हमें हरसंभव मदद का दिया आश्वासन : बापी मंडल
इंद्रजीत मंडल के बड़े भाई बापी मंडल ने कहा- मुख्यमंत्री ने हमें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है. उन्होंने मुझे नियुक्ति पत्र दिया और नौकरी करने को कहा. यह बारुईपुर पुलिस जिले में नागरिक स्वयंसेवक के पद पर नियुक्ति का पत्र है.
दुष्कर्म-हत्या मामले में दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा : सीएम
इससे पहले मुख्यमंत्री ने मृतक नाबालिग के माता-पिता से उनके घर पर मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया. शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई की है. परिवार ने अपनी शिकायत में 4 लोगों के नाम बताये थे. सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है. जांच के बाद जो भी दोषी पाये जायेंगे, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी.
बच्ची का शव मिलने के बाद बारुईपुर में हुआ था बवाल
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के दौरे के दौरान बारुईपुर पुलिस जिले के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सूर्यपुर में एक नयी ग्रामीण पुलिस चौकी का उद्घाटन किया. 4 जुलाई को लापता हुई लड़की का शव अगले दिन सूर्यपुर हाट इलाके में एक बोरे में मिला था. इसके बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शनकारियों ने बारुईपुर-जयनगर मार्ग को अवरुद्ध कर दिया. टायर जलाये और पुलिस के वाहनों में तोड़फोड़ की.
तोड़फोड़ मामले में 35 से अधिक गिरफ्तार
रविवार (4 जुलाई) को बच्ची का शव बरामद होने के कुछ घंटे बाद गुस्साये लोगों ने उसकी मौत में शामिल होने के संदेह में इंद्रजीत मंडल की पीट-पीटकर हत्या कर दी. बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया था. इनमें से एक प्रभाष मंडल मंगलवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. लड़की का शव मिलने के बाद हुई तोड़फोड़ में शामिल होने के आरोप में पुलिस अब तक 35 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मिथिलेश झा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










