झारखंड में GST ट्रैक एंड ट्रेस सिस्टम लागू, टैक्स चोरी पर लगेगा शिकंजा; उल्लंघन पर 1 लाख तक जुर्माना
झारखंड में GST ट्रैक एंड ट्रेस सिस्टम लागू (सांकेतिक तस्वीर- AI Image)
झारखंड में GST व्यवस्था अब पूरी तरह तकनीक आधारित हो गई है. ट्रैक एंड ट्रेस सिस्टम लागू होने से चुनिंदा वस्तुओं की उत्पादन से बिक्री तक डिजिटल निगरानी संभव होगी. इससे टैक्स चोरी और फर्जी बिलिंग पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है.
विवेक चंद्र की रिपोर्ट
रांचीः झारखंड में जीएसटी व्यवस्था अब पूरी तरह तकनीक आधारित होने जा रही है. राज्य सरकार ने कर चोरी पर अंकुश लगाने और वस्तुओं की आवाजाही पर नजर रखने के लिए झारखंड माल एवं सेवा कर (संशोधन) अध्यादेश, 2026 लागू कर दिया है. राज्यपाल की मंजूरी के बाद विधि विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है. संशोधन के बाद सरकार चुनिंदा वस्तुओं के लिए ट्रैक एंड ट्रेस सिस्टम लागू कर सकेगी. इसके तहत उत्पादन से लेकर अंतिम बिक्री तक वस्तुओं की डिजिटल पहचान और निगरानी संभव होगी.
डिजिटल जानकारी जुटाने में विभाग को मिलेगी मदद
अध्यादेश के तहत सरकार अधिसूचना जारी कर किसी वस्तु या उसके पैकेट पर विशिष्ट पहचान चिह्न (यूनिक आइडेंटिफिकेशन मार्किंग) लगाना अनिवार्य कर सकती है. यह डिजिटल स्टांप या कोई अन्य सुरक्षित इलेक्ट्रॉनिक पहचान चिह्न हो सकता है. इसे हटाने या इसमें बदलाव करने की अनुमति नहीं होगी. इस व्यवस्था के लागू होने के बाद संबंधित वस्तु की सप्लाई चेन को ट्रैक किया जा सकेगा. यानी वस्तु का उत्पादन कहां हुआ, वह किस कारोबारी के पास पहुंची और उसकी बिक्री कहां हुई, इसकी डिजिटल जानकारी जुटाने में विभाग को मदद मिलेगी. इससे टैक्स चोरी, फर्जी बिलिंग और बिना बिल के कारोबार पर निगरानी मजबूत होने की उम्मीद है.
जीएसटी कानून में इस्तेमाल होने वाली कुछ परिभाषाओं में भी संशोधन किया गया है. प्लांट या मशीनरी की जगह अब प्लांट और मशीनरी शब्द का इस्तेमाल किया जाएगा. इस बदलाव को एक जुलाई 2017 से प्रभावी माना गया है. विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसइजेड) और फ्री ट्रेड वेयरहाउसिंग जोन में रखे गए माल की आपूर्ति से जुड़े प्रावधानों में भी संशोधन किया गया है. सरकार के अनुसार, इन बदलावों से राज्य का जीएसटी कानून केंद्रीय जीएसटी प्रावधानों के अनुरूप होगा और कर प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी.
ये भी पढ़ें- International Tribal Day 2026: 9 अगस्त को ही क्यों मनाया जाता है आदिवासी दिवस? जानिए पूरी कहानी
झारखंड जीएसटी (संशोधन) अध्यादेश की प्रमुख बातें
ट्रैक एंड ट्रेस सिस्टम लागू करने का प्रावधान.
केवल जुर्माना वाले मामलों में अपील से पहले जुर्माने की 10 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी.
नगरपालिका निधि और स्थानीय निधि की परिभाषा स्पष्ट की गई.
एसईजेड और फ्री ट्रेड वेयरहाउसिंग जोन से जुड़े प्रावधानों में बदलाव.
कई संशोधनों को एक जुलाई 2017 से प्रभावी माना गया है.
नियम तोड़ा तो कम से कम एक लाख का जुर्माना
ट्रैक एंड ट्रेस व्यवस्था से जुड़े प्रावधानों का पालन नहीं करने वाले कारोबारियों पर सख्त दंड का प्रावधान किया गया है. नियमों का उल्लंघन करने पर 1 लाख रुपए या देय कर की 10 प्रतिशत राशि, जो भी अधिक होगी, उतना जुर्माना लगाया जा सकेगा. अध्यादेश में जीएसटी से जुड़े मामलों की अपील प्रक्रिया में भी बदलाव किया गया है. अब ऐसे मामलों में, जिनमें आदेश के तहत केवल जुर्माना लगाया गया है और कर की कोई मांग नहीं है, अपील दायर करने से पहले जुर्माने की राशि का 10 प्रतिशत जमा करना होगा.
ये भी पढ़ें- World Tribal Day: जब-जब प्रकृति और जनजातीय भाषा पर संकट आया, झारखंड के ये 5 पद्मश्री हीरो बने ढाल
पांच बिंदुओं में समझें, ट्रैक एंड ट्रेस सिस्टम में क्या होगा
- चुनिंदा वस्तुओं या उनके पैकेट पर डिजिटल पहचान चिह्न लगाना अनिवार्य किया जा सकेगा.
- उत्पादन से अंतिम बिक्री तक वस्तुओं की आवाजाही को ट्रैक किया जा सकेगा.
- सप्लाई चेन में वस्तुओं की डिजिटल पहचान से निगरानी आसान होगी.
- कर चोरी और फर्जी बिलिंग पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी. 5 नियमों का उल्लंघन करने पर एक लाख रुपए या देय कर का 10 प्रतिशत, जो अधिक हो, जुर्माना लगेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अर्चना कुजूर
अर्चना कुजूर एक डिजिटल पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं, जो वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कार्यरत हैं. वह झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जिलों के साथ-साथ राज्य की प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक और जनसरोकार से जुड़ी खबरों को कवर करती हैं. अर्चना ने वर्ष 2016 में क्राफ्ट फिल्म स्कूल, रोहिणी (नई दिल्ली) से टीवी जर्नलिज्म एंड न्यूज रीडिंग में एक वर्षीय डिप्लोमा किया. इसके बाद उन्होंने नोएडा स्थित नेशनल वॉयस न्यूज और इंडिया वॉयस न्यूज चैनल (इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) में इंटर्नशिप करने के साथ-साथ व्यावहारिक पत्रकारिता का अनुभव हासिल किया.
झारखंड लौटने के बाद उन्होंने कशिश न्यूज चैनल में लगभग डेढ़ वर्ष तक आउटपुट विभाग में कॉपी राइटर के रूप में कार्य किया. इसके बाद रांची एक्सप्रेस में एजुकेशन बीट पर रिपोर्टिंग की और प्रिंट पत्रकारिता का अनुभव हासिल किया. वर्ष 2022 से उन्होंने न्यूज11 भारत और नक्षत्र न्यूज चैनल में लगभग दो-दो वर्षों तक डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए राज्य की राजनीति, शिक्षा, रोजगार, प्रशासन, योजनाओं और समसामयिक विषयों पर हजारों समाचार और विशेष लेख लिखें.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










