ePaper

झारखंड में बढ़ी चुनावी सरगर्मी, रांची से रोशनी खलखो और धनबाद से भाजपा के मेयर प्रत्याशी

Updated at : 03 Feb 2026 9:31 AM (IST)
विज्ञापन
Roshni Khalkho

रांची से भाजपा की मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो.

Jharkhand Civic Polls: झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी गहमागहमी तेज है. भाजपा ने रांची से रोशनी खलखो सहित नौ नगर निगमों के मेयर समर्थित उम्मीदवार तय किए. वहीं धनबाद में पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने भाजपा छोड़ झामुमो की सदस्यता ली, जिससे चुनावी समीकरण बदलते दिख रहे हैं. नीचे पूरी खबर पढ़ें.

विज्ञापन

Jharkhand Civic Polls: झारखंड में नगर निकाय चुनाव की रणभेरी बजते ही सियासी हलचल तेज हो गई है. चुनाव की घोषणा के साथ ही राजनीतिक दल रणनीति बनाने में जुट गए हैं. इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अपने उम्मीदवारों को लेकर बड़ा कदम उठाया है. प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कोर कमेटी की अहम बैठक में नौ नगर निगमों के मेयर पद और कई नगर परिषद अध्यक्ष पद के समर्थित उम्मीदवारों के नामों पर सहमति बनी है.

भाजपा कोर कमेटी की बैठक में हुआ अंतिम फैसला

प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई इस बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने की. बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेता और कोर कमेटी के सदस्य मौजूद रहे. पार्टी सूत्रों के अनुसार 31 जनवरी को हुई पिछली बैठक में प्रत्येक सीट के लिए तीन-तीन संभावित नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को भेजा गया था. सोमवार को केंद्रीय नेतृत्व की सहमति के बाद उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम निर्णय लिया गया.

दलीय आधार पर नहीं हो रहा चुनाव

नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहे हैं. इसके बावजूद राजनीतिक दल अपने-अपने समर्थित उम्मीदवारों को आगे बढ़ा रहे हैं. भाजपा ने आधिकारिक सूची जारी नहीं की है, लेकिन चयनित उम्मीदवारों की जानकारी संबंधित जिलाध्यक्षों को भेज दी गई है. पार्टी स्तर पर प्रचार और रणनीति को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं.

रांची से रोशनी खलखो बनीं भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी

रांची नगर निगम के लिए भाजपा ने पूर्व पार्षद रोशनी खलखो को मेयर पद का समर्थित उम्मीदवार बनाया है. वह चार फरवरी को नामांकन दाखिल करेंगी. रोशनी खलखो इससे पहले नगर निगम में पार्षद रह चुकी हैं और शहरी राजनीति में उनकी सक्रिय भूमिका रही है. पार्टी नेताओं का मानना है कि उनका प्रशासनिक अनुभव और स्थानीय पकड़ चुनाव में भाजपा के लिए मजबूत आधार बनेगा.

हाईकोर्ट में याचिका से चर्चा में आई थीं रोशनी खलखो

रोशनी खलखो का नाम उस वक्त भी चर्चा में आया था, जब उन्होंने समय पर नगर निकाय चुनाव कराने को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी. उनकी इस कानूनी पहल के बाद हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को जल्द चुनाव कराने का सख्त निर्देश दिया था. इसे रांची में निकाय चुनाव की प्रक्रिया तेज होने का अहम कारण माना जा रहा है.

नौ नगर निगमों के मेयर पद के समर्थित उम्मीदवार

भाजपा समर्थित मेयर उम्मीदवारों की सूची के अनुसार रांची से रोशनी खलखो, धनबाद से संजीव अग्रवाल, देवघर से रीता चौरसिया, आदित्यपुर से प्रभाषिनी कालुंडिया, चास से अविनाश कुमार, मानगो से बबीता सिंह, मेदिनीनगर से अरुणा शंकर, हजारीबाग से सुदेश चंद्रवंशी और गिरिडीह से डॉ शैलेंद्र चौधरी को मैदान में उतारा गया है. पार्टी ने सभी उम्मीदवारों को क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक समीकरण को ध्यान में रखकर चुना है.

नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए भी नाम तय

नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए गढ़वा से किचन जायसवाल, दुमका से अमिता रक्षित, लोहरदगा से अनिल उरांव और चक्रधरपुर से विजय गगरा को भाजपा समर्थित उम्मीदवार बनाया गया है. इन नामों पर भी कोर कमेटी बैठक में विस्तार से चर्चा के बाद सहमति बनी.

धनबाद की राजनीति में बड़ा उलटफेर

नगर निकाय चुनाव से ठीक पहले धनबाद की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. धनबाद के पूर्व मेयर और भाजपा के कद्दावर नेता रहे चंद्रशेखर अग्रवाल ने भाजपा से इस्तीफा देकर झारखंड मुक्ति मोर्चा का दामन थाम लिया. उनके इस फैसले को निकाय चुनाव से पहले भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.

चंद्रशेखर अग्रवाल थामा झामुमो का दामन

चंद्रशेखर अग्रवाल ने दुमका में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झामुमो की सदस्यता ग्रहण की. मुख्यमंत्री ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलायी. इस मौके पर टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, झामुमो जिला अध्यक्ष लखी सोरेन, जिला सचिव मनु आलम, रमेश टुडू, केंद्रीय सदस्य रमेश टुडू और उपाध्यक्ष मुकेश सिंह सहित कई पार्टी नेता मौजूद रहे.

भाजपा को झटका, झामुमो को बढ़त

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चंद्रशेखर अग्रवाल के झामुमो में जाने से धनबाद नगर निगम चुनाव का समीकरण बदल सकता है. वह लंबे समय तकभाजपा भाजपा का चेहरा रहे हैं और शहरी मतदाताओं में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है. इससे झामुमो को फायदा मिलने की संभावना जताई जा रही है.

इसे भी पढ़ें: अबुआ दिशोम बजट के लिए यूपीएससी अभ्यर्थी की 8 मांगें मंजूर, आप भी दे सकतें है अपना सुझाव

चुनावी सरगर्मी और तेज होगी

कुल मिलाकर झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी गहमागहमी चरम पर है. भाजपा ने जहां उम्मीदवारों के नाम तय कर अपनी तैयारी स्पष्ट कर दी है, वहीं झामुमो और अन्य दल भी रणनीति बनाने में जुट गए हैं. आने वाले दिनों में नामांकन, प्रचार और दल-बदल की घटनाओं से चुनावी माहौल और गर्म होने के आसार हैं.

इसे भी पढ़ें: दुमका में मोदी सरकार पर बरसे हेमंत सोरेन, बोले – झारखंड में देश का 42% खनिज और बजट में नाम तक नहीं

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola