झारखंड में बदल रहा मौसम का मिजाज, सुबह-शाम ठंड और दिन में बढ़ेगी गर्मी

झारखंड में धीरे-धीरे गर्मी की एंट्री हो रही है.
Jharkhand Weather Report: झारखंड में मौसम का मिजाज बदल रहा है. सुबह-शाम ठंड बनी हुई है, जबकि दोपहर में गर्मी बढ़ने लगी है. दक्षिणी झारखंड के पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला और सिमडेगा जिलों में सबसे अधिक गर्मी रहने का अनुमान जाहिर किया गया है. फिलहाल, मौसम शुष्क बना रहेगा. पूरी खबर नीचे पढ़ें.
Jharkhand Weather Report: झारखंड में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है. सुबह और शाम की ठंड अभी बरकरार है, लेकिन दोपहर में तापमान चढ़ने लगा है. अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है. मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, 19 फरवरी से 23 फरवरी तक सुबह के समय हल्का कुहासा और आकाश में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं. हालांकि, पूरे राज्य में मौसम शुष्क ही रहेगा.
सुबह-शाम ठंड, दिन में चढ़ेगा तापमान
झारखंड में फरवरी के मध्य तक ठंड का असर महसूस हो रहा है. खासकर, सुबह और देर शाम के समय. लेकिन दिन के समय धूप तेज होने लगी है. तापमान में क्रमिक वृद्धि से दोपहर में हल्की गर्मी का एहसास होने लगा है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव मौसमी ट्रांजिशन का संकेत है, जहां सर्दी से गर्मी की ओर मौसम बढ़ रहा है. मंगलवार को राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान मेदिनीनगर में 32.6 डिग्री सेल्सियस रहा. राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम है.
उत्तर-पूर्वी झारखंड में तापमान का ट्रेंड
उत्तर-पूर्वी झारखंड के जिलों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा रही है. देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. गोड्डा और पाकुड़ में 20 फरवरी तक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं न्यूनतम तापमान 12 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. सुबह हल्का कुहासा रहने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी पर असर पड़ सकता है.
उत्तर-पश्चिमी झारखंड में दिन गर्म, रात ठंडी
कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू जैसे जिलों में दिन का तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है. पलामू और चतरा में लगातार तीन दिनों तक अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. हालांकि, रात के समय ठंड अभी कायम है. इन जिलों में न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने का संकेत दे रहा है.
मध्य झारखंड में संतुलित मौसम
बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी और गुमला में मौसम अपेक्षाकृत संतुलित रहेगा. बोकारो में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि रांची और खूंटी में यह 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. गुमला और खूंटी में न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. इससे सुबह हल्की सर्दी बनी रहेगी. दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन सुबह के समय गरम कपड़ों की जरूरत बनी रहेगी.
दक्षिणी झारखंड में सबसे ज्यादा गर्मी
पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला और सिमडेगा में दिन का तापमान सबसे अधिक रहने की संभावना है. पश्चिमी सिंहभूम में 35 डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम तापमान पहुंच सकता है. वहीं पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला में 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रहने का अनुमान है. इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 13 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. यानी सुबह हल्की ठंड और दिन में तेज धूप का मिश्रित प्रभाव देखने को मिलेगा.
इसे भी पढ़ें: गुमला में दिव्यांग बच्ची के दुष्कर्मी तांत्रिक को फांसी, हजारीबाग का है निवासी
किसानों और आम लोगों के लिए सलाह
मौसम शुष्क रहने से फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है. ऐसे में किसानों को सिंचाई प्रबंधन पर ध्यान देना होगा. सुबह के समय कुहासा रहने से फसलों पर हल्का असर पड़ सकता है. दिन और रात के तापमान में अंतर को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. खासकर बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम गरम कपड़े पहनने चाहिए. कुल मिलाकर झारखंड में मौसम अब सर्दी से गर्मी की ओर बढ़ रहा है. आने वाले दिनों में दिन का तापमान और चढ़ सकता है, जबकि सुबह-शाम की ठंड धीरे-धीरे कम होगी.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में अभी ठंड बरकरार, रांची का न्यूनतम तापमान 13-14 डिग्री के आसपास स्थिर
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




